राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर का प्रकोप बढ़ रहा है। शीतलहर के साथ साथ मैदानी इलाकों में घना कोहरा भी पड़ रहा है। इस सब के बीच अब मौसम विभाग ने भारी बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने प्रदेश भर में 11 और 12 जनवरी को बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई है।मौसम विभाग की मानें तो कल यानी 11 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में अंधड़ के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। इसके साथ ही येलो अलर्ट घोषित किया गया है। वहीं 12 जनवरी को प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ेगा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं।
जिससे तापमान में एक बार फिर गिरावट आएगी।मौसम विभाग ने 13 जनवरी से प्रदेश भर में मौसम साफ रहने के आसार जताए हैं। यानी उसके अगले चार दिन 16 जनवरी तक बारिश और बर्फबारी की कोई संभावना नहीं है। वहीं मौसम साफ होने से शीतलहर से भी निजात मिलने की उम्मीद है। बता दें कि इन दिनों मैदानी क्षेत्रों में जहां घना कोहरा पड़ रहा है, वहीं विजिबिलिटी भी बहुत कम हो रही है।
प्रदेश के कांगड़ा, बिलासपुर, ऊना और मंडी में शुक्रवार की सुबह घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी 50 मीटर तक कम हो गई थी। कांगड़ा जिला के देहरा गोपीपुरए बिलासपुर और ऊना में कोहरे का असर सबसे ज्यादा है। इस कारण सड़क यातायात प्रभावित हो रहा है।वहीं प्रदेश में बर्फबारी को देखने के लिए पर्यटक हिमाचल का रूख कर रहे हैं। हिमाचल में पर्यटकों की संख्या में भारी इजाफा हुआ है।
सैलानियों के बढ़ने से हिमाचल के पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरों पर चमक आ गई है। होटल कारोबारी सैलानियों को लुभाने के लिए कई तरह के ऑफर दे रहे हैं।