शिमला में आवारा कुत्तों का कहर, ड्यूटी पर तैनात महिला सफाई कर्मचारी पर किया हमला

शिमला में आवारा कुत्तों का कहर, ड्यूटी पर तैनात महिला सफाई कर्मचारी पर किया हमला

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में आवारा कुत्तों का आतंक दिन-ब-दिन बढ़ता जा रहा है। शहर के विभिन्न हिस्सों से रोजाना कुत्तों के काटने की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे आमजन ही नहीं बल्कि सफाई कर्मचारी भी डरे और सहमे हुए हैं। ताजा मामला शनिवार सुबह शिमला के ढली क्षेत्र का है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक महिला सफाई कर्मचारी पर आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया।जानकारी के अनुसार नगर निगम की सैहब सोसायटी की यह महिला कर्मचारी रोजाना की तरह सुबह करीब 8 बजे ढली टनल के समीप सफाई कर रही थी।

इसी दौरान दो-तीन आवारा कुत्ते अचानक वहां आ धमके और महिला पर टूट पड़े। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग माैके पर पहुंचे, जिन्हाेंने कुत्तों को वहां से भगाया। इस हमले में महिला की बाजू में गंभीर चोटें आई हैं।इस घटना के बाद सैहब सोसायटी यूनियन ने प्रशासन से कड़ी प्रतिक्रिया जारी की है। यूनियन के अध्यक्ष जसवंत सिंह ने कहा कि नगर निगम के सफाई कर्मचारी पूरे शहर को स्वच्छ रखने के लिए मेहनत कर रहे हैं, लेकिन आवारा कुत्तों के डर से अब उनकी ड्यूटी करना मुश्किल हो गया है।

जसवंत सिंह ने बताया कि कर्मचारी जब डोर-टू-डोर गारबेज कलैक्शन के लिए घर-घर जाते हैं तो सड़कों और गलियों में कुत्तों के झुंड उन्हें घेर लेते हैं। कई बार ये कुत्ते कर्मचारियों को काट भी चुके हैं। उन्हाेंने मांग उठाई है कि नगर निगम और जिला प्रशासन को इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि शहरवासियों और सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *