राइट न्यूज / हिमाचल
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि एम्स के माध्यम से आम मरीजों एवं जनता का इलाज हो रहा है, परंतु कांग्रेस इससे आहत है। एम्स जैसे विश्वविख्यात संस्थान से हिमाचल की आधी से ज्यादा आबादी को फायदा हो रहा है, पर यह जन सेवा कांग्रेस पार्टी को हजम नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की बेचैनी समझ से परे है। डा.राजीव बिंदल ने कहा कि केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा अपने मंत्रालय के माध्यम से एम्स को हर दूसरे महीने बड़ा तोहफा देते हैं।
एम्स बिलासपुर प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की दृष्टि से सर्वश्रेष्ठ संस्था बनकर उभर रहा है और हिमाचल प्रदेश को यह सौगात देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं जगत प्रकाश नड्डा का धन्यवाद करते हैं। थोड़े से समय में एम्स एक मॉडल संस्थान के रूप में विकसित हुआ है, अभी तक यहां 3000 करोड़ से अधिक का निर्माण कार्य हो चुका है। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी इस संस्थान के ऊपर अंगुली उठाएगी, तो इसका करारा जवाब मिलेगा। प्रदेश में तालाबंदी का एक दौर चल रहा है क्या एम्स भी सरकार की ओर से तालाबंदी के निशाने पर है।