जयराम ठाकुर चुनाव संचालन और राजीव बिंदल प्रबंधन समिति के बने अध्यक्ष

जयराम ठाकुर चुनाव संचालन और राजीव बिंदल प्रबंधन समिति के बने अध्यक्ष

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने विधानसभा चुनाव से ठीक पहले मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रदेश चुनाव संचालन समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया है। पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल को प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति का अध्यक्ष बनाया गया है। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक जमवाल ने दी है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने सोमवार को इन दोनों प्रमुख समितियों के गठन के आदेश जारी कर दिए हैं। जल्दी ही इन समितियों के सदस्यों की भी घोषणा होगी। यह आदेश भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मंत्रणा के बाद जारी किए गए हैं। आगामी विधानसभा चुनाव के संचालन की कमान जहां अब मुख्यमंत्री जयराम के पास रहेगी तो चुनाव प्रबंधन का जिम्मा डॉ. राजीव बिंदल के पास रहेगा। राजीव बिंदल की पिछले कुछ समय से नड्डा से भी नजदीकियां बनी हुई हैं। उनके पास वर्तमान जयराम सरकार में विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष जैसी महत्वपूर्ण भूमिकाएं भी रह चुकी हैं। मगर वह परिस्थितिवश दोनोें पदों पर ज्यादा समय बने नहीं रह पाए थे। वह नाहन से भाजपा विधायक हैं।

प्रदेश भाजपा ने 25 अगस्त को कोर ग्रुप की बैठक बुलाई है। इसमें आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तय होगी। यह बैठक शिमला में होगी। हालांकि इसके लिए अभी स्थान तय नहीं है। भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप की अध्यक्षता में प्रस्तावित इस बैठक में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल, भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, संगठन महामंत्री पवन राणा, महामंत्री त्रिलोक जमवाल समेत अन्य तमाम नेता मौजूद होंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *