राइट न्यूज हिमाचल
कुल्लू और मनाली में पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। 2 अलग-अलग मामलों में पुलिस ने राजस्थान के दो युवकों और हमीरपुर के एक युवक को मादक पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है।पहला मामला मनाली का है। पुलिस थाना मनाली की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि सिमसा स्थित एक होटल में नशे का कारोबार चल रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने होटल में दबिश दी और कमरा नंबर-103 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कमरे में मौजूद राजस्थान के 2 युवकों के कब्जे से 15.140 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर रही है कि वे यह नशा कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने वाले थे।वहीं, दूसरे मामले में कुल्लू पुलिस ने एक युवक को नशीले पदार्थों के साथ दबोचा है।
आरोपी की पहचान अक्षय निवासी जीण (नादौन), जिला हमीरपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 0.43 ग्राम चिट्टा और 1.55 ग्राम गांजा बरामद किया गया।एसपी कुल्लू मदन लाल ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस नशे के नैटवर्क को तोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है और आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है।

