पांवटा साहिब के युवक के पेट में घुसा शीशा, मौ*त

पांवटा साहिब के युवक के पेट में घुसा शीशा, मौ*त

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश फैक्टरियों में काम कर रहे युवाओं के साथ कभी-कभार हादसे हो जाते हैं. जिससे कई बार तो उनकी जान तक चली जाती है. ऐसा ही एक मामला प्रदेश के जिला सिरमौर से सामने आया है, जहां रबर उद्योग में काम कर रहे युवक की दर्दनाक मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के पुरुवाला क्षेत्र में स्थित एक रबर उद्योग में काम कर रहे युवक की दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान 20 वर्षीय सादिल पुत्र इंतजार निवासी काडा वाड़ी, कादर चौक, बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। सहकर्मियों ने बताया कि, देर शाम सादिल फैक्ट्री में शीशे को ग्राइंडिंग मशीन पर रखने का कार्य कर रहा था। इस दौरान अचानक शीशा बीच से जोरदार धमाके के साथ टूट गया और उसका एक नुकीला टुकड़ा सीधे सादिल के पेट में जा धंसा। हादसा इतना गंभीर था कि वह मौके पर ही बुरी तरह घायल हो गया।

सहकर्मियों ने तुरंत उसे नजदीकी सुरजपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन और फैक्ट्री प्रबंधन उसे देहरादून के एक निजी अस्पताल ले गए। हालांकि वहां भी डॉक्टर उसे बचा नहीं पाए और इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। युवक की असमय मौत से परिजनों और गांव में मातम पसर गया है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिरमौर के एसपी एन.एस. नेगी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। यह भी देखा जाएगा कि हादसे के दौरान उद्योग में सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं और कहीं किसी प्रकार की लापरवाही तो नहीं बरती गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *