नाहन: पिता ने स्कूल टूर पर जाने से किया मना, नाराज 15 वर्षीय बेटी ने दुनिया ही छोड़ दी

नाहन: पिता ने स्कूल टूर पर जाने से किया मना, नाराज 15 वर्षीय बेटी ने दुनिया ही छोड़ दी

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नाहन मुख्यालय से एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 15 वर्षीय नाबालिग छात्रा ने फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। जानकारी के अनुसार, छात्रा वीरवार शाम अपने पिता से स्कूल टूर पर मथुरा जाने की अनुमति मांग रही थी। लेकिन पिता ने पढ़ाई पर ध्यान देने की बात कहते हुए टूर की मंजूरी देने से इंकार कर दिया। इस बात से नाराज़ होकर बच्ची अपने कमरे में चली गई और दुपट्टे से पंखे में फंदा लगा लिया।

करीब 7:45 बजे जब मां ने बेटी को खाने के लिए आवाज दी और कमरे का दरवाजा खोला तो वह स्तब्ध रह गई। बच्ची फंदे से लटकी हुई थी। यह दृश्य देखकर मां अचेत हो गई। परिवार और पड़ोसियों की मदद से छात्रा को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना अस्पताल से पुलिस को रात करीब 8:28 बजे दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की।

महिला पुलिस की मौजूदगी में शव का निरीक्षण किया गया। गले पर यू आकार का फंदे का निशान पाया गया, जबकि शरीर पर किसी अन्य चोट का कोई निशान नहीं मिला।शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और शुक्रवार को उसका परीक्षण किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश रोल्टा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पुलिस ने धारा 194 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में स्कूल टूर की अनुमति न मिलने को ही आत्महत्या की वजह माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *