हिमाचल प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री एवं पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह सोमवार को डाॅ. अमरीन काैर संग परिणय सूत्र में बंध गए। आनंद कारज चंडीगढ़ के सेक्टर 11 के गुरुद्वारा साहिब में हुआ। विक्रमादित्य सिंह ने शादी चंडीगढ़ निवासी सरदारनी ओपिंदर कौर एवं सरदार जोतिंदर सिंह सेखों की पुत्री अमरीन कौर के साथ शादी के फेरे लिए। इस अवसर पर दोनों परिवारों के सदस्यों ने नवदंपति को सुखद वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। बता दें, बुशहर राजघराने के वारिस विक्रमादित्य सिंह दूसरी बार वैवाहिक बंधन में बंधे हैं। विक्रमादित्य की पहली शादी 8 मार्च 2019 को राजस्थान की सुदर्शना सिंह से हुई थी, लेकिन 2020 में उनका तलाक हो गया। अब उन्होंने दूसरी शादी चंडीगढ़ निवासी अमरीन कौर से की है।
जानिए डॉ. अमरीन सेखों के बारें में
डॉ. अमरीन सेखों के पास अंग्रेजी और मनोविज्ञान में दोहरी मास्टर डिग्री है और उन्होंने मनोविज्ञान में पीएचडी भी की है। डॉ. अमरीन सेखों पंजाब यूनिवर्सिटी में सहायक प्रोफेसर के पद पर काम रह रही हैं। बताया जा रहा है कि डॉ. सेखों विक्रमादित्य सिंह की पुरानी दोस्त हैं। वह करीब 35 साल की हैं और उनकी यह पहली शादी है।
कौन हैं विक्रमादित्य सिंह?
विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश के एक प्रमुख राजनेता और कांग्रेस पार्टी के नेता हैं। वे हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के पुत्र हैं। वर्तमान में, वे हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग तथा शहरी विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री हैं।
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उन्होंने हिमाचल के बिशप कॉटन स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और दिल्ली विश्वविद्यालय के हंसराज कॉलेज से इतिहास में स्नातक किया। इसके बाद, उन्होंने लंदन से इतिहास में मास्टर्स डिग्री हासिल की।
राजनीतिक कॅरियर
विक्रमादित्य सिंह ने 2013 में राजनीति में प्रवेश किया और हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष बने। वे 2017 में पहली बार शिमला ग्रामीण से विधायक चुने गए और 2022 में दोबारा इस सीट से जीत हासिल की। 2022 में, उन्हें सुक्खू सरकार में लोक निर्माण विभाग, युवा सेवा और खेल विभाग का मंत्री बनाया गया। बाद में उन्हें शहरी विकास विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई। वर्तमान में इनके पास लोक निर्माण विभाग और शहरी विकास की जिम्मेदारी है। कांग्रेस ने उन्हें मंडी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया, जहां उनका मुकाबला भाजपा की कंगना रनौत से हुआ, लेकिन वे हार गए।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भी दी बधाई
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी विक्रमादित्य सिंह के शादी समारोह में शिरकत की। उनके साथ विधायक सुधीर शर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र राणा भी माैजूद रहे। राजेंद्र राणा व सुधीर शर्मा ने भी नवविवाहित जोड़े को शादी की बधाई दी।नेता प्रतिपक्ष ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिये तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि हिमाचल प्रदेश सरकार के लोकनिर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह को परिणय सूत्र में बंधने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ईश्वर से उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना करता हूं। मां भीमाकाली आप पर सदैव अपना आशीर्वाद बनाएं रखें।

