राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले की प्रतिभाशाली बेटी सुनिष्का गुप्ता ने अपने शानदार अकादमिक प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया है। बल्ह घाटी के कुम्मी गांव की निवासी सुनिष्का को इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) द्वारा विश्वविद्यालय गोल्ड मैडल से सम्मानित किया जाएगा। सुनिष्का को यह प्रतिष्ठित पुरस्कार मनोविज्ञान (ऑनर्स) विषय में स्नातक स्तर पर सर्वोच्च स्थान प्राप्त करने के लिए दिया जा रहा है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सुनिष्का को गोल्ड मैडल के लिए चयनित होने की आधिकारिक सूचना भेजी है। यह मैडल उन्हें 5 मार्च, 2025 को नई दिल्ली स्थित इग्नू परिसर के कन्वेंशन सैंटर में आयोजित होने वाले 38वें दीक्षांत समारोह में प्रदान किया जाएगा।अपनी इस शानदार उपलब्धि के बाद सुनिष्का गुप्ता अब भारत के सबसे प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों में शामिल टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसिज (टीआईएसएस), मुंबई में मानसिक स्वास्थ्य विषय में मास्टर डिग्री की पढ़ाई करेंगी।
खास बात यह है कि हजारों छात्रों के बीच प्रतिस्पर्धा कर सुनिष्का ने यहां प्रवेश पाया है। वह हिमाचल प्रदेश की एकमात्र छात्रा हैं, जिन्होंने इस प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश पाने में सफलता हासिल की है।सुनिष्का के पिता डीपी गुप्ता वरिष्ठ पत्रकार हैं, जबकि उनकी मां एक शिक्षिका हैं। बेटी की इस उपलब्धि पर उन्होंने गर्व जताते हुए कहा कि यह सिर्फ हमारे परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है।
वहीं सुनिष्का की उपलब्धि पर उनके गांव कुम्मी में खुशी का माहौल है। रिश्तेदारों, दोस्तों और गांववासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।