Himachal: माता-पिता को सही सलामत छोड़ा…फिर घर लौटते समय बेटा खुद हो गया मौत का शिकार.

Himachal: माता-पिता को सही सलामत छोड़ा…फिर घर लौटते समय बेटा खुद हो गया मौत का शिकार.

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से दिल को दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह घटना धर्मपुर तहसील की लगैंहड़ पंचायत के द्रूमण गांव में शनिवार हुई। जानकारी के अनुसार मंडप गांव के रहने वाले 40 वर्षीय सुरेंद्र कुमार (उर्फ देवराज) अपनी टाटा सूमो गाड़ी से अपने माता-पिता को द्रूमण गांव छोड़ने गए थे। उनके माता-पिता जनतरी धार के पास लगने वाले मेले में दुकान लगाने जा रहे थे।

सुरेंद्र कुमार अपने माता-पिता और उनका सामान छोड़कर वापस लौट रहे थे, तभी ग्यूण सड़क मार्ग पर द्रूमण के पास एक तीखे मोड़ पर उनकी टाटा सूमो अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।यह हादसा इतना भयानक था कि गाड़ी करीब 1000 फुट नीचे जा गिरी।

गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसके दरवाजे और टायर अलग-अलग होकर बिखर गए. दुर्घटना के दौरान सुरेंद्र कुमार गाड़ी से छिटक गए और चट्टानों से टकराने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके सिर पर गहरी चोट लगी, जो उनकी मौत का कारण बनी. हादसे के वक्त गाड़ी में सिर्फ ड्राइवर सुरेंद्र कुमार ही मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही द्रूमण गांव के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को खाई से निकालने का प्रयास किया। हालांकि, जब तक ग्रामीण वहां पहुंचे, सुरेंद्र कुमार की मौत हो चुकी थी।

ग्रामीणों ने ही पुलिस और परिजनों को इस हादसे की सूचना दी।धर्मपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए मंडप सिविल अस्पताल भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

हालांकि, फिलहाल दुर्घटना के कारणों का सटीक पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या यह तेज रफ़्तार, ड्राइवर की लापरवाही, या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ। मृतक सुरेंद्र कुमार के पिता कृष्ण चंद मंडप गांव में ही दर्जी का काम करते हैं और अक्सर मेलों में भी अपनी दुकान लगाते हैं। सुरेंद्र कुमार की आकस्मिक मौत से पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *