राईट न्यूज / शिमला
प्रदेश की राजधानी के कनलोग इलाके में बने एक ढारे से गुरुवार देररात तेंदुआ एक बच्चे को उठा ले गया। घटना देररात करीब साढ़े 10 बजे की बताई जा रही है। करीब आठ साल की यह बच्ची यहां अपने परिवार के साथ रहती थी। स्थानीय पार्षद बृज सूद के अनुसार यहां कार शोरूम के साथ लगती जमीन पर कई मजदूरों के ढारे हैं। इनमें से कई मजदूरों के पास पालतू कुत्ते भी हैं।
अंदेशा है कि यह तेंदुआ कुत्ते के लिए घात लगाए बैठा था। लेकिन जैसे ही एक ढारे से बच्चा बाहर निकला तो तेंदुए ने इसे ही उठा लिया। कई लोगों के सामने ही तेंदुआ साथ लगते जंगल में गायब हो गया। बच्चे के परिजनों ने पता चलते ही शोर मचाया, लेकिन तब तक तेंदुआ जंगल में भाग चुका था। बाद में इसकी सूचना न्यू शिमला पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने वन्यजीव विंग को इसकी सूचना दी।
देर रात करीब वन्यजीव विभाग और पुलिस ने साथ लगते जंगल में सर्च अभियान शुरू कर दिया। देर रात तक बच्चे का कोई पता नहीं चल पाया है। वन्यजीव विभाग के डीएफओ कृष्ण कुमार ने बताया कि पुलिस से सूचना मिलने के बाद एक टीम को मौके पर रवाना कर दिया गया था। बच्ची की तलाश की जा रही है। फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है।