पांवटा साहिब में होने वाली किसान महापंचायत में गरजेंगे राकेश टिक्केत

पांवटा साहिब में होने वाली किसान महापंचायत में गरजेंगे राकेश टिक्केत

राईट न्यूज / शिमला

प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब स्थित हरीपुर टोहना में सात अप्रैल को होने वाली किसान महापंचायत में हिमाचल, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश के लाखों किसान जुटेंगे। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत, गुरनाम सिंह चढ़ूनी, सरदार बलबीर सिंह राजेवाल, अभिमन्यु कोहाड़, डॉ. दर्शनपाल सिंह और मशहूर पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल महापंचायत को संबोधित करेंगे।  संयुक्त किसान मोर्चा पांवटा साहिब के संयोजक सरदार तरसेम सिंह सग्गी और हिमाचल किसान सभा के राज्य अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तंवर ने बताया कि उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लोगों से एक जुट होने का आह्वान कर किसान महापंचायत में हिमाचल के हर घर से एक सदस्य को सात अप्रैल को पांवटा साहिब पहुंचने का न्योता दिया।

सरदार तरसेम सिंह सग्गी ने कहा कि दिल्ली में मोर्चे को 4 महीने पूरे हो रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार कानूनों को वापस लेने को तैयार नहीं है। प्रदेश की भाजपा सरकार भी किसान बागवानों के हितों की अनदेखी कर रही है। किसानों को न्यूनतम मूल्य से कम में अपनी फसलें बेचकर भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मांग उठाई कि हिमाचल में पैदा होने वाली सभी फसलों का सरकार न्यूनतम खरीद मूल्य तय करे। धान को खरीदने की पुख्ता व्यवस्था की जाए। सेब मार्केट पर भी निजी कंपनियों की नजर है। सरकार के साथ मिलकर सेब मार्केट पर कब्जा करने की रणनीति बन चुकी है। किसानों का समर्थन जुटाने के लिए शिमला पहुंचे जत्थे में संयुक्त किसान मोर्चा के सह संयोजक गुरविंदर सिंह गोपी, पंचायत प्रधान वसीम मलिक और प्रदीप सिंह, किसान सभा के राज्य अध्यक्ष डॉ. कुलदीप सिंह तंवर, संयुक्त किसान मंच कोर ग्रुप सदस्य सत्यवान पुंडीर और किसान सभा राज्य कमेटी सदस्य राजेंद्र चौहान शामिल रहे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *