राईट न्यूज / कांगड़ा
ठगी का शिकार हुआ एक युवक गगल एयरपोर्ट में फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर नौकरी के लिए पहुंच गया। युवक को थमाए गए नियुक्ति पत्र में युवक को नियमित नौकरी के साथ 35 हजार रुपये प्रति माह वेतन बताया गया है। शातिरों ने नियुक्ति पत्र के नाम पर युवक से 18 हजार की धनराशि भी ऐंठ ली। जानकारी के अनुसार गगल एयरपोर्ट पर विमानन कंपनी स्पाइस जेट में नौकरी पाने के लिए नाहन का एक युवक नियुक्ति पत्र लेकर पहुंचा। एयरपोर्ट पहुंच कर युवक को पता चला कि नियुक्ति पत्र फर्जी है।
बताया जा रहा है कि निजी कंपनी का हवाला देकर युवक को गगल एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने का आश्वासन मिला था। इस पर युवक से संबंधित कंपनी को दो किस्तों में करीब 18 हजार रुपये भी अदा किए थे। जानकारी के अनुसार गगल एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम पर शातिरों के हाथों ठगी का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ठगी का शिकार हुए कई लोग फर्जी नियुक्ति पत्र लेकर गगल एयरपोर्ट पहुंच चुके हैं। एक मामले में युवक से 65 हजार रुपये तक शातिरों ने गगल एयरपोर्ट पर नौकरी दिलाने के नाम ठगे थे।
एयरपोर्ट में जब भी किसी व्यक्ति को नौकरी दी जाती है, तो उसकी भर्ती एयरपोर्ट अथारिटी ही करती है। एयरपोर्ट पर नौकरी के लिए किसी भी कंपनी से कर्मचारियों को हायर नहीं किया जाता है। पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। लोगों से अपील है कि एयरपोर्ट पर नौकरी के नाम पर ठगी का शिकार होने से बचें।- धीरेंद्र सिंह, निदेशक, गगल एयरपोर्ट।

