राईट न्यूज / शिमला
CM सुखविंदर सिंह सुक्खू कैबिनेट की पहली बैठक में प्रदेश सरकार ने लोहड़ी के पर्व पर प्रदेश के कर्मचारियों को OPS की सौगात दी है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में कैबिनेट की पहली बैठक शुक्रवार को राज्य सचिवालय शिमला में हुई। बैठक में कांग्रेस सरकार की पहली गारंटी यानी पुरानी पेंशन स्कीम (OPS) पर मुहर लग गई है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान अर्की में मैंने पहली बार कहा था कि OPS बहाल करेंगे।
पिछले दिनों अधिकारी पैसा नहीं होने की बात कहकर इसमें अड़चन डालते रहे, लेकिन मैंने अपना फार्मूला दिया। पिछली सरकार ने तो कर्मचारियों के पांच हजार करोड़ रुपये एरियर के भी नहीं दिए। कर्मचारियों को एरियर अभी नहीं मिलेगा। एरियर देने में समय लगने की बात कर्मचारियों से संवाद करते हुए सीएम ने खुद कही।
उन्होंने कहा कि वायदे के मुताबिक पहली मंत्रिमंडल की बैठक में निर्णय लिया गया है कि जिन अधिकारियों व कर्मचारियों ने विकास की गाथा लिखी है, उन्हें आज से ओल्ड पेंशन स्कीम का लाभ मिलना शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे तकरीबन 1 लाख 36 हजार कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड व निगम इत्यादि के कर्मचारी भी इससे लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पार्टी नेत्री प्रियंका गांधी ने भी सोलन में प्रवास के दौरान ये कहा था कि पहली कैबिनेट बैठक में ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने का निर्णय लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसमें कई चुनौतियां व अड़चने पैदा हुई। उन्होंने कहा कि इससे वित्तीय बोझ भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब इस बात को खंगाला जा रहा था कि पुरानी सरकार ने खजाने में क्या दिया है तो पता चला कि सरकारी विभागों में कार्यरत कर्मचारियों व अधिकारियों का 9 हजार करोड़ का एरियर बकाया है। करीब एक हजार करो़ड़ रुपए डीए बकाया है।
इसी तरह हजारों करोड़ रुपए पेंशनर्स के भी बकाया हैं। उन्होंने कहा कि वो कैसी सरकार थी, जिसने कर्मचारियों का एरियर तक नहीं चुकाया। उन्होंने कहा कि अंतिम समय में छठा वित्तीय आयोग तो लागू कर दिया गया, लेकिन एक हजार करोड़ का बकाया हमारे लिए छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकार ने 900 संस्थान खोल दिए। उन्होंने कहा कि एक लेक्चरर के दम पर काॅलेज खोल दिए।
उन्होंने कहा कि अंतिम 6 महीने में उन्हें दैव्य शक्तियां मिल गई कि इस अवधि में 900 संस्थान खोल दिए। सीएम ने कहा कि साढ़े 4 साल तक तो जयराम जी भी संस्थानों को मजबूत करते रहे, लेकिन 6 महीने में दैव्य शक्तियां मिल गई। उन्होंने कहा कि 5 हजार करोड़ उपलब्ध होने पर ही इन संस्थानों को चलाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नीड बेस पर संस्थान खोले जाएंगे।
सुक्खू ने कहा कि 16 हजार करोड़ रुपए की देनदारी मिली है। उन्होंने कहा कि पहले सोचा कि डबल इंजन की सरकार कुछ छोड़ कर गई होगी, लेकिन पाया कि 75 हजार करोड़ का कर्जा छोड़कर गए हैं। उन्होंने कहा कि कुल 86 हजार करोड़ में से 11 हजार करोड़ का ऐसा कर्ज है, जो हमें देना ही है।
महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए भत्ता, सब कमेटी गठित..
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपए भत्ता देगी, इसके लिए सब कमेटी गठित की गई है। इसकी अध्यक्षता धनीराम शांडिल करेंगे। सब कमेटी में चंद्र कुमार व अनिरुद्ध सिंह को शामिल किया गया है, ये कमेटी 30 दिन में रिपोर्ट देगी।
सीएम ने कहा कि हम लोहडी के अवसर पर ये भी कहना चाहते हैं कि हम ईमानदार व जानदार शासन चलाएंगे। पत्रकारवार्ता में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अलावा मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना के साथ-साथ मंत्रिमंडल के सदस्य भी मौजूद रहे।
वैट से आने वाली रकम से देंगे पेंशन..
CM ने कहा कि सरकार ने डीजल पर 3 रुपए वैट बढ़ाया है। इससे आने वाली रकम से NPS कर्मचारियों को पेंशन दी जाएगी। एरियर के लिए आय के संसाधन पैदा करने पड़ेंगे। अभी एरियर का पैसा देने के लिए पैसा नहीं है। छत्तीसगढ़ के फार्मूले पर OPS करेंगे।
केंद्र के पास कर्मचारियों का 8000 करोड़ जमा..
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि केंद्र के पास हिमाचल के कर्मचारियों का 8000 करोड़ रुपए जमा है। उन्होंने केंद्र से इस राशि को वापस करने के लिए लिखा था, मगर केंद्र इसे देने से इन्कार कर रहा है। वह कह रहे हैं कि यदि कोई
व्यक्तिगत तौर पर मांगेगा तो हम देने पर विचार करेंगे।
युवाओं के रोजगार को कैबिनेट सब कमेटी गठित..
सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि हमने एक लाख रोजगार के अवसर पैदा करने का वादा किया था। इस दृष्टि से हर्षवर्धन चौहान जगत सिंह नेगी और रोहित ठाकुर के नेतृत्व में कैबिनेट सब कमेटी बनाई। ये भी 30 दिन में अपनी रिपोर्ट देकर बताएंगी कि किस तरह एक लाख युवाओं को रोजगार दिया जाए।
मंडी में एक लाख कर्मचारी करेंगे CM का स्वागत..
OPS बहाली के बाद कर्मचारी अब मंडी में स्वागत समारोह करेंगे। NPS संघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि एक लाख कर्मचारी मुख्यमंत्री का स्वागत करेंगे। इससे पहले कैबिनेट खत्म होने के बाद सचिवालय के बाहर NPS कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
Thanks for the post!