हिमाचल में बज गया चुनावी युद्ध का बिगुल, जानिए किस दिन होगी वोटिंग

हिमाचल में बज गया चुनावी युद्ध का बिगुल, जानिए किस दिन होगी वोटिंग

राईट न्यूज / हिमाचल

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2022 का बिगुल बज गया है। चुनाव आयोग ने मतदान व मतगणना की तिथियां तय कर दी हैं। हिमाचल प्रदेश में सभी 68 विधानसभा सीटों पर 12 नवंबर को मतदान व 8 दिसंबर को मतों की गणना को होगी।

17 अक्‍टूबर से चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। 25 अक्‍टूबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। 27 अक्‍टूबर को स्‍क्रूटनिंग होगी। 29 अक्‍टूबर तक प्रत्‍याशी नाम वापस ले सकेंगे।

हिमाचल प्रदेश में आज से आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू कर हो गई है। नामांकन के दिन तक युवा मतदाता वोट बना सकेंगे। आठ जनवरी 2023 को हिमाचल प्रदेश की मौजूदा सरकार अपना कार्यकाल पूरा कर रही है।

गौरतलब जो कि हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस दो प्रमुख दल हैं। भाजपा इस बार मिशन रिपीट के लिए पूरा जोर लगा रही है। वहीं कांग्रेस का मानना है कि रिवाज इस बार भी नहीं बदलेगा। यानी सरकार रिपीट नहीं होगी। हिमाचल चुनाव में इस बार आम आदमी पार्टी भी दम भर रही है।

भाजपा ने खूब उछाला था कोटखाई केस..

2017 के विधानसभा चुनाव की बात करें तो कांग्रेस को कोटखाई दुष्‍कर्म व हत्‍या केस ही हार की ओर ले गया था। इस मुद्दे को भाजपा नेताओं ने चुनाव में पूरी तरह से भुनाया और कांग्रेस को सत्‍ता से बाहर कर दिया था। दसवीं कक्षा की छात्रा की स्‍कूल से लौटते वक्‍त दुष्‍कर्म के बाद बेरहमी से हत्‍या कर दी गई थी। यह मामला कई महीनों तक चर्चा में रहा। पीडि़ता को न्‍याय दिलाने का दम भरकर भाजपा सत्‍ता में काबिज हो गई थी।

2017 में ये रहे थे समीकरण..

2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 44 सीटों पर जीत दर्ज की थी। 68 सीट में से 21 कांग्रेस की झोली में गई थीं। जुब्‍बल कोटखाई के विधायक नरेंद्र बरागटा के निधन के बाद हुए उपचुनाव में भाजपा यहां हार गई व कांग्रेस के रोहित ठाकुर विधायक बन गए। इस तरह मौजूदा समय में भाजपा के खाते में 43 और कांग्रेस के पास 22 सीटें हैं। दो आजाद प्रत्‍याशी चुनाव जीते थे व एक विधायक वाम दल से हैं।

प्रचार में भाजपा आगे, कांग्रेस के टिकट लगभग तय..

हिमाचल में भाजपा व कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों ने अभी तक टिकट तय नहीं किए हैं। कांग्रेस में बैठकों का दौर तेजी से चल रहा है व लगभग चेहरे तय कर लिए हैं। लेकिन भाजपा इस मामले में अभी शांत है। लेकिन प्रचार में भाजपा दो कदम आगे दिख रही है। केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, स्‍मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर कई सभाएं कर चुके हैं। जेपी नड्डा ने भी हिमाचल में मोर्चा संभाला हुआ है।

भाजपा के स्‍टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी पांच जिलों को छू चुके हैं। बिलासपुर, ऊना व चंबा में रैली कर चुके हैं, जबकि मंडी की रैली को वर्चुअली संबोधित किया था। इसके अलावा कुल्‍लू दशहरा में भी देवदर्शन कर गए हैं। कांग्रेस की बात करें तो पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोलन से प्रचार की शुक्रवार से शुरुआत की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *