छत्तीसगढ़ और राजस्थान ने बढ़ाए मदद के हाथ, राहत कोष में दिए 26 करोड़

छत्तीसगढ़ और राजस्थान ने बढ़ाए मदद के हाथ, राहत कोष में दिए 26 करोड़

राईट न्यूज / हिमाचल

प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने सुक्खू सरकार को आपदा राहत कोष में 11 करोड़ रुपये दिए हैं। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर यह जानकारी दी। मुख्यमंत्री बघेल ने लिखा कि देवभूमि हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से आई विपदा की स्थिति में पीड़ित लोगों की मदद के लिए हम सब छत्तीसगढ़वासियों की ओर से 11 करोड़ रुपये की सहायता राशि की घोषणा करता हूं।

हम सभी छत्तीसगढ़वासी हिमाचल के लोगों के साथ खड़े हैं। सामूहिक एकजुटता के साथ आपदा का सामना करेंगे तथा सामान्य स्थिति की बहाली के लिए कार्य करेंगे। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर छत्तीसगढ़ सरकार के इस फैसले को सराहा है। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आपदा की इस घड़ी में प्रभावितों को मदद प्रदान करने में यह सहायता कारगर साबित होगी।

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश और भूस्खलन से बनी मुश्किल परिस्थितियों में पीड़ित लोगों की मदद के लिए राजस्थान सरकार की ओर से 15 करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक ट्वीट के जरिये दी। उन्होंने कहा कि हम सभी राजस्थानी इन विकट परिस्थितियों में हिमाचलवासियों के साथ खड़े हैं। ईश्वर से सभी को सुरक्षित रखने की कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *