हिमाचल उपचुनाव: प्रदेश के आठ जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू, नई घोषणाओं पर रोक

हिमाचल उपचुनाव: प्रदेश के आठ जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू, नई घोषणाओं पर रोक

राईट न्यूज / शिमला

प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा उपचुनाव की घोषणा होते ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का किन्नौर दौरा रद्द हो गया है। वहीं, आदर्श आचार संहिता लागू होते ही आठ जिलों में करोड़ाें के विकास कार्यों पर भी ब्रेक लग गया है। हालांकि पहले से चल रहे विकास कार्य जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अब नई घोषणाएं नहीं कर पाएंगे। इसी के साथ ही 24 घंटे के अंदर सभी सरकारी होर्डिंग्स हटाने के आदेश जारी हुए हैं। राज्य सरकार और प्रशासन ने मंगलवार को ही इन्हें हटाना शुरू कर दिया है। जेसीसी की बैठक आगे टल गई है। अब यह नवंबर के दूसरे सप्ताह में हो सकती है। प्रदेश के करीब तीन लाख सरकारी कर्मचारियों को वित्तीय व अन्य लाभ के लिए अभी और इंतजार करना होगा।

सरकार की महत्वाकांक्षी स्वर्ण जयंती रथ यात्रा भी और आगे सरक गई है। मुख्यमंत्री नई दिल्ली में लगभग पांच हजार करोड़ रुपये के एमओयू पर हस्ताक्षर करने वाले थे, लेकिन इस पर भी अब संशय है।जनजातीय जिला किन्नौर में सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को करोड़ों के शिलान्यास और उद्घाटन करने थे। लेकिन दिल्ली से चुनाव आयोग ने लोकसभा और विधानसभा के उपचुनावों की घोषणा कर दी।  इससे मुख्यमंत्री का दौरा रद्द हो गया और साथ ही करीब 28 योजनाओं विकास कार्यों के शिलान्यास और उद्घाटन भी लटक गए हैं। उपचुनाव की तिथि घोषित होने पर शहरी विकास विभाग का 29 सितंबर को होने वाला स्थापना दिवस भी लटक गया है।

कुल्लू दशहरा होगा, घोषणाएं नहीं कर पाएंगे मुख्यमंत्री

कुल्लू दशहरे का आयोजन 15 से 21 अक्तूबर के बीच होने जा रहा है। इसमें भी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उनके मंत्री घोषणाएं नहीं कर पाएंगे। मंगलवार को ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दशहरा कमेटी की बैठक आयोजित की थी। इसमें उन्होंने दशहरे की तैयारियों पर समीक्षा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *