राईट न्यूज / हिमाचल
कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चुनाव प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि हिमाचल प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी ने 39 प्रत्याशी तय कर दिए हैं। इन सभी को फोन पर इस बाबत सूचना दे दी गई है। वर्तमान विधायकों सहित कई वरिष्ठ नेता भी इसमें शामिल हैं। ये सभी प्रत्याशी चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। गुरुवार को नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए सुक्खू ने कहा कि प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करने की अब सिर्फ औपचारिकता शेष रह गई है।
भाजपा के प्रत्याशियों की सूची को देखकर कांग्रेस सूची जारी करेगी। अन्य दृष्टिकोण पर भी विचार किया जा रहा है। सुक्खू ने बताया कि पार्टी की ओर से प्रत्याशियों का चयन करने के लिए कई स्तर पर सर्वे करवाए जा रहे हैं। गुण और दोष के आधार पर प्रत्याशियों का चयन किया गया है। उन्होंने बताया कि बीते दिनों हुई केंद्रीय चुनाव कमेटी की बैठक में 39 प्रत्याशी तय किए गए हैं। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने विस्तार से मंथन करने के बाद इन नामों को मंजूरी दी है।