राईट न्यूज / बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश दौरे के दौरान चर्चा सुनी कि भाजपा द्वारा इन विधानसभा चुनावों में चेहरा किसी का दिखाया जा रहा है व मुख्यमंत्री कोई और बनना चाहता है। यह बात बिलासपुर में पत्रकार वार्ता करते हुए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कही।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह के हिमाचल में सत्ताकाल के समय हिमाचल प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ने की दर न्यूनतम थी अब भाजपा सरकार में 9 प्रतिशत से भी ऊपर जा चुकी है। रसोई गैस सिलैंडर का रेट 1100 रुपए से ऊपर हो चुका है। यह महंगाई की तीसरी डोज है व चौथी डोज अभी गुजरात चुनावों के बाद आने वाली है। आज घरों में चूल्हा नहीं बल्कि महिलाओं की दिल की भावनाएं जलती हैं।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का पड़ोसी राज्य होने के चलते उत्तराखंड में भी भाजपा का सांप्रदायिक एजैंडा चला व हम चूक गए लेकिन हिमाचल न चूके व भाजपा को सत्ता में लाने की भूल न करे। यह समय है कि हिमाचल अब पूरे देश को रास्ता दिखाए। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वीरभद्र सिंह आज हमारे बीच नहीं हैं लेकिन उनकी स्मृतियां व उनका मार्गदर्शन हिमाचल को ही नहीं उत्तराखंड को आज भी राह दिखा रहा है।