एशियन कबड्डी चैंपियनशिप के लिए इंडिया कैंप का हिस्सा बनीं हिमाचल की 7 गोल्डन गर्ल

एशियन कबड्डी चैंपियनशिप के लिए इंडिया कैंप का हिस्सा बनीं हिमाचल की 7 गोल्डन गर्ल

राइट न्यूज हिमाचल

ईरान में 4 मार्च से शुरू होने वाली एशियन महिला कबड्डी चैंपियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश की 7 बेटियां इंडिया कैंप का हिस्सा बनीं हैं। राज्य की इन सातों बेटियों ने पिछली एशियन चैंपिनयशिप में सोना जीता था। भारतीय टीम फिलहाल सोनीपत के साई ट्रेनिंग सेंटर में प्रैक्टिस में जुटी हैं। कबड्डी एसोसिएशन हिमाचल को उम्मीद है कि इस बार भी हिमाचली लड़कियां सोना जीतकर लौटेंगी।भारतीय टीम में शामिल खिलाड़ियों में रितु नेगी, पुष्पा राणा, ज्योति ठाकुर, निधि शर्मा, साक्षी शर्मा, भावना देवी और चंपा शामिल हैं।

इन खिलाड़ियों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और शानदार खेल तकनीक के आधार पर किया गया है।सभी खिलाड़ियों ने राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर अपने प्रदर्शन से सबको प्रभावित किया है। अगर ये खिलाड़ी प्रशिक्षण में अंतिम चयन में सफल रहती हैं, तो वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। भारतीय टीम में 20 खिलाड़ियों को चुना गया है।

इनमें से 7 अकेले हिमाचल की हैं।हिमाचल प्रदेश कबड्डी संघ और कोचिंग स्टाफ ने सभी चयनित खिलाड़ियों से प्रशिक्षण शिविर में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई है। कबड्डी एसोसिएशन हिमाचल के महासचिव कृष्ण लाल ने कहा कि हिमाचल की बेटियां लगातार खेल जगत में अपनी पहचान बना रही हैं। हमें उम्मीद है कि ये खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में जगह बनाएंगी और देश के लिए पदक जीतकर लाएंगी।

सुप्रीम कोर्ट ने 6 फरवरी को केंद्रीय युवा कार्य मामले एवं खेल मंत्रालय से यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया था कि भारतीय कबड्डी खिलाड़ियों को ईरान में होने वाली एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में भाग लेने की अनुमति दी जाए। शीर्ष अदालत ने दो राष्ट्रीय महिला कब्बडी खिलाड़ियों की ओर से दाखिल याचिका पर विचार करते हुए यह आदेश दिया था।

कोर्ट ने खेल मंत्रालय को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया था कि भारतीय महिला कबड्डी टीम ईरान में होने वाली एशियाई कबड्डी चैंपियनशिप में भाग ले। सुप्रीम कोर्ट ने राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी प्रियंका और पूजा की ओर से दाखिल याचिका पर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *