राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश देवभूमि के साथ साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश के कई युवा सेना की वर्दी पहन कर सरहदों पर मां भारती की रक्षा में तैनात हैं। प्रदेश के इन जवानों ने समय समय पर अपनी वीरता का भी परिचय दिया है। जिसके लिए उन्हें कई बार सम्मानित भी किया जाता है। ऐसा ही एक सम्मान हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला के एक जवान पैरा कमांडो शशि ठाकुर को भी मिला है।
जिला कांगड़ा की ग्राम पंचायत आघार अलूहा के रहने वाले भारतीय सेना के नायक एवं पैरा कमांडो शशि ठाकुर को सेना मेडल वीरता से सम्मानित किया गया है। उन्हंे यह सम्मान बीते रोज बुधवार को सेना मुख्यालय में प्रदान किया गया। प्रदेश के इस जाबांज बेटे को सेना मेडल मिलने से ना सिर्फ उनके परिवार में बल्कि पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
तहसील खुंडिया की ग्राम पंचायत आघार अलूहा के रहने वाले पैरा कमांडो शशि ठाकुर को यह सम्मान दो आतंकियों को ढेर करने पर मिला है। दरअसल भारतीय सेना के नायक एवं पैरा कमांडो शशि ठाकुर आठ सितंबर 2023 को पूर्वोत्तर भारत के एक संवेदनशील क्षेत्र में तैनात थे। उसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि एक गांव में कुछ आतंकियों ने हमला कर दिया है।
सूचना मिलने के बाद पैरा कमांडो शशि ठाकुर चुनौतिपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद अपनी टीम के साथ इस हमले का मुंहतोड़ जवाब देने के लिए निकल पड़े। इस दौरान दुश्मनों के ठिकाने पर पहुंच कर जवान ने सटीक स्नाइपर स्किल्स का प्रदर्शन करते हुए दो उग्रवादियों को मार गिराया। उनकी वीरता और सैन्य दक्षता के लिए उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान प्रदान किया गया।
बताया जा रहा है कि साधारण परिवार में जन्मे शशि ठाकुर के पिता सुरेश कुमार पेंटिंग का काम करते हैं, जबकि उनकी माता चैंचला देवी गृहिणी हैं। शशि ठाकुर ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा महात्मा गांधी मैमोरियल पब्लिक स्कूल टिहरी से पूरी की। शशि ठाकुर का बचपन से ही सपना था कि वह भारतीय सेना में जाएं और देश की सेवा करें। जिसके लिए उन्होंने कड़ी मेहनत की और अपने सपने को पूरा किया।
भारतीय सेना के इस नायक पैरा कमांडो शशि ठाकुर को यह सम्मान मिलने पर उसके घर और पूरे गांव में खुशी का माहौल है। परिजनों ने बताया कि जब शशि ठाकुर छुट्टी पर घर आएगा, तो उसका भव्य स्वागत किया जाएगा।