राइट न्यूज हिमाचल
नालागढ़ के तहत गांव रामपुर गुजरां निवासी महिला की संदिग्ध मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। वीरवार को महिला के मायके पक्ष ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव को नालागढ़-बद्दी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुलिस थाना नालागढ़ के सामने रखकर चक्का जाम किया। प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि जब तक सभी आरोपी, खासकर ननदों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक न तो चक्का जाम हटाया जाएगा और न ही शव का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
चक्का जाम की सूचना मिलते ही विधायक हरदीप बावा और एसपी बद्दी विनोद धीमान मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने पर शाम करीब साढ़े 6 बजे चक्का जाम समाप्त किया गया। इस दौरान हाईवे पर यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों से गुजरना पड़ा।
चक्का जाम दोपहर 2 बजे शुरू हुआ था।इससे पहले मंगलवार को भी मृतका के परिजनों ने थाना नालागढ़ के बाहर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने महिला के पति, सास, ससुर और ताया ससुर को हत्या और दहेज प्रताड़ना के आरोप में गिरफ्तार कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और जल्द उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।