राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल के ऊना जिला में एक बड़ा हादसा हुआ है। यहां एक दीवार गिरने से पांच मजदूर उसके नीचे दब गए। यह घटना ऊना जिला के अंब क्षेत्र में आज गुरुवार को हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। वहीं हादसे के बाद तुरंत दीवार के नीचे दबे मजदूरों के अन्य साथियों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया और दीवार के नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला।
ऊना के अंब में हुआ हादसामिली जानकारी के अनुसार यह हादसा अंब क्षेत्र के लोअर भंजाल गांव में स्थित एक ईंट भट्ठे पर हुआ है। ईंट भट्ठे पर आज गुरुवार को कुछ मजदूर काम कर रहे थे। इसी बीच अचानक से एक बड़ी दीवार इन काम कर रहे मजदूरों पर आ गिरी। इस हादसे में पांच मजदूर दीवार के नीचे दब गए।
हादसे के बाद वहां मौजूद लोगों में अफरा तफरी मच गई और चीखे चिल्लाने की आवाजें आने लगीं।इसी बीच वहां काम कर रहे अन्य मजदूर मौके पर पहुंचे और उन्होंने बिना समय गंवाए रेस्क्यू अभियान शुरू किया। लोगों ने दीवार के नीचे दबे मजदूरों को मलबे से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया। मलबे में दबने से मजदूरों को चोटें आई थीं।
यह सभी मजदूर दूसरे राज्य के बताए गए हैं। जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।हादसे में घायल मजदूरों की तूफानी (48), पुत्र नील कंठ, फूलवती (44), पत्नी तूफानी, निवासी पिपटिया, डा. शुरीपूर्वा, तहसील महेशपुरवा, जिला बहराइच, (उत्तर प्रदेश) , जतिंद्र और एक नेपाली मजदूर के रूप में हुई है। यह सभी यहां मेहनत मजदूरी कर अपना और अपने परिवार का पेट पालते हैं।
इस हादसे में एक पति पत्नी को गंभीर चोटें आई हैं। जिसके चलते उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया है। जबकि दो अन्य घायलों को दौलतपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बाकी तीन घायलों को सिविल अस्पताल अंब में इलाज के लिए ले जाया गया है।वहीं हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना अंब की टीम भी मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी वसुधा वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंच कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।