राइट न्यूज हिमाचल
नादौन के भलूं गांव निवासी आईटीबीपी जवान जरनैल सिंह काे वीरवार को सैंकड़ों लोगों ने नम आंखों ने अंतिम विदाई दी। जरनैल सिंह मणिपुर में बतौर उपनिरीक्षक तैनात थे। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात ड्यूटी पर तैनात जरनैल सिंह को हृदयाघात हुआ, जिस पर साथी जवानों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां मंगलवार सुबह करीब साढ़े 8 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की सूचना मिलते ही उनके गांव में माहौल गमगीन हो गया। मंगलवार से ही ग्रामीण तथा परिजन पार्थिव देह का इंतजार कर रहे थे और इस बीच परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। जरनैल सिंह की पार्थिव देह बुधवार देर रात उनके पैतृक गांव लाई गई। वीरवार को जरनैल सिंह को पूरे सैनिक सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान चंडीगढ़ से आई सेना की टुकड़ी ने उन्हें अंतिम सलामी दी।
बता दें कि जरनैल सिंह अपने पीछे पत्नी सुनीता जंगा सहित 2 बेटे जश्न जंगा तथा सजल जंगा को छोड़ गए हैं। इस दौरान प्रशासन की ओर से नायब तहसीलदार वेद प्रकाश ने जरनैल सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की।