राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां करसोग में तीन बच्चों की मां कहीं गायब हो गई है। महिला का पति उसकी तलाश में दर-दर भटक रहा है। मगर महिला का कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है।
बताया जा रहा है कि महिला घर से दांत दर्द की दवाई लेने बाजार गई- जहां से फिर वो वापस ही नहीं लौटी। लापता महिला के पति ने महिला की गुमशुदगी की शिकायत जंजैहली थाने में दर्ज करवाई है।लापता महिला के पति दिलबहादुर उर्फ दीपक ने बताया कि बीती 8 मार्च को उसकी पत्नी दांत दर्द की दवा लाने के लिए घर से निकली थी। मगर देर शाम तक वो वापस घर नहीं लौटी। ऐसे में जब उसने अपनी पत्नी को फोन किया तो उसका फोन भी बंद आ रहा था।
दीपक ने बताया कि जब से उसकी पत्नी लापता हुई है- तब से उसने घर पर किसी से कोई संपर्क नहीं किया है। दीपक का कहना है कि वो दिहाड़ी-मजदूरी करता है। उसके तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। मां को घर पर ना पाकर उसकी दो बेटियों और बेटे का रो-रो कर बुरा हाल है।दीपक ने बताया कि उसकी पत्नी पहले होटल में काम करती थी और वो बस में हेल्पर का काम करता था। इसी दौरान दोनों की मुलाकात हुई और दोनों ने शादी करने का फैसला किया।
उसने बताया कि ना तो उसका कभी उसकी पत्नी के साथ कोई झगड़ा हुआ और ना ही कुछ और मनमुटाव। फिर आखिर वो उसे और उसके बच्चों को छोड़कर क्यों और कहां चली गई।दीपक ने बताया कि उसकी पत्नी जब भी बाजार जाती थी तो वो अकसर उसे 1000-1200 रुपए देता था।
मगर उसकी पत्नी ने उसे कंगाल कर दिया। उसने पुलिस टीम से जल्द से जल्द उसकी पत्नी को ढूंढने की गुहार लगाई है।मामले की पुष्टि करते हुए DSP करसोग ने बताया कि लापता महिला के पति की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही महिला को सही-सलामत ढूंढ लिया जाएगा।