राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश की बेटियां हर क्षेत्र में बेटों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर चल रही हैं। कहते हैं कि अगर हौंसला ऊंची उड़ान भरने का हो तो इस बात की परवाह नहीं की जाती है कि जमीन से आसमान की दूरी कितनी है।
इन शब्दों को बखूबी चरितार्थ कर दिखाया है लाहौल-स्पीति की प्रियंका ने।प्रियंका हिमाचल प्रशासनिक सेवा में स्थान हासिल करने वाली अपने जिला की पहली महिला अधिकारी बन गई हैं। प्रियंका की इस सफलता से उनके परिवार और गांव में खुशी का माहौल है।प्रियंका लाहौल-स्पीति के शांशा गांव की रहने वाली हैं।
प्रियंका ने अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत से HAS अधिकारी बनने का सपना पूरा किया है।आपको बता दें कि साल 2021 में प्रियंका का बतौर BDO के रूप में चयन हुआ था। प्रियंका जिला मंडी के सराज में सेवाएं दे रही हैं। प्रियंका का सपना था कि वो HAS अधिकारी बने। अपने इसी सपने को सच करने के लिए प्रियंका ने दिन-रात मेहनत की और नतीजन अपना सपना साकार किया।प्रियंका के पिता प्रेम लाल होम्योपैथी के डॉक्टर हैं।
प्रियंका की मां शंकुतल गृहिणी हैं। प्रियंका की इस सफलता से प्रियंका और उनके माता-पिता की आंखों से खुशी के आंसू छलक गए। प्रियंका की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर लाहौल-स्पीति की घाटी में खुशी की लहर है।प्रियंका ने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। प्रियंका ने बताया कि उनके माता-पिता ने हमेशा उन्हें प्रोत्साहित किया, जिसके चलते आज उन्होंने यह बड़ा मुकाम हासिल किया है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्रियंका की ये उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगी। प्रियंका ने युवाओं के लिए मिसाल पेश की है और साबित कर दिखाया है कि मेहनत के बल पर आप कोई भी मुकाम हासिल कर सकते हो।