राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश में आए दिन लोगों की मौत हो रही है। ऐसा ही एक मामला हिमाचल के कांगड़ा जिला के राजा का तालाब से सामने आया है। राजा का तालाब बस स्टैंड पर आज मंगलवार सुबह एक दुकान के बाहर व्यक्ति का शव मिला है। मृतक व्यक्ति एक निजी बस का चालक बताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है।मिली जानकारी के अनुसार आज राजा का तालाब में सुबह के समय एक महिला ने जैसे ही अपनी दुकान खोली तो उसे दुकान के बाहर एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ मिला। महिला ने इसकी जानकारी अपने परिवार और आसपास के लोगों को दी।
जिसके बाद लोगों ने इसकी जानकारी 108 एंबुलेंस और रैहन पुलिस थाना की टीम को दी।मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए। जिसमें मृतक व्यक्ति की पहचान 54 वर्षीय गगन सिंह उर्फ राजू लम्बर निवासी समकड़ धमेटा के रूप में हुई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचित किया। जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने परिजनों के ब्यान दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि गगन सिंह दो मार्च को एक बारात को निजी बस में लेकर चंबा के लंगेरा में गया था। तीन मार्च को वह वहां से वापस लौटा और शाम को जवाली की तरफ से जा रही बस से उतरकर सोमवार रात लगभग 10 बजे के आसपास राजा का तालाब में अपने घर को जाने वाली बस का इंतजार करने लगा।
परिजनों ने बताया कि रात को गगन ने घर पर फोन किया था और बताया कि उसे कुछ बैचेनी महसूस हो रही है। लेकिन वह अपनी लोकेशन नहीं बता पाया, जिसके चलते परिजनों को उसकी सही लोकेशन का पता नहीं चल सका। मंगलवार सुबह करीब छह बजे दुकान खोलने आई महिला ने गगन को सड़क पर पड़े हुए देखा और पुलिस को जानकारी दी।
मामले की पुष्टि करते हुए रैहन पुलिस थाना के प्रभारी अजायब सिंह, एएसआई वीरेंद्र सिंह सूचना मिलने के बाद तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नूरपुर भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंच कर साक्ष्य इकट्ठे किए। डीएसपी नूरपुर विशाल वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, घटना की छानबीन जारी है।