हिमाचल: बहन की शादी में घर आए जवान की अचानक बिगड़ी तबीयत, मातम में बदली खुशियां

हिमाचल: बहन की शादी में घर आए जवान की अचानक बिगड़ी तबीयत, मातम में बदली खुशियां

राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश को देशभर में वीरभूमि के नाम से भी जाना जाता है। देशप्रेम से लवरेज हिमाचली युवा देश की सरहदों की सुरक्षा के लिए सहर्ष अपनी जान दे देते हैं। इस कड़ी में ताजा मामला प्रदेश के जिला हमीरपुर से सामने आया है. जहां उपमंडल नादौन की ग्राम पंचायत सनाही के अंतर्गत आने वाले गांव सनाही के एक जवान का अचानक निधन हो जाने से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, असम राइफल्स में तैनात यह जवान अपनी बहन की शादी के लिए अवकाश लेकर घर आया था, लेकिन ड्यूटी पर वापस लौटने से ठीक पहले ही वह इस दुनिया को अलविदा कह गया।हालांकि, जवान की बहन की शादी फरवरी माह में संपन्न हुई थी। शादी के बाद वह जल्द ही अपनी ड्यूटी पर लौटने वाला था लेकिन कुछ दिनों पूर्व उसकी तबीयत बिगड़ गई।

परिजनों ने उसे तुरंत हमीरपुर अस्पताल में भर्ती करवाया जहां उसकी सभी जांच रिपोर्ट सामान्य आईं। कोई गंभीर बीमारी न होने के कारण डॉक्टरों ने उसे शुक्रवार को डिस्चार्ज कर दिया।जिसके बाद घर पहुंचने के कुछ ही घंटों बाद उसकी तबीयत फिर बिगड़ी और उसने दम तोड़ दिया। जवान की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है। जवान अपने पीछे पत्नी और चार महीने की मासूम बच्ची को छोड़ गया है।

29 वर्षीय जवान दुनी चंद वर्ष 2018 में पैरामिलिट्री में भर्ती हुआ था। दो साल पहले उसकी शादी हुई थी और हाल ही में वह पहली बार पिता बना था। जवान दुनी चंद की तीन बहनें हैं, जिनमें से दो की शादी हो चुकी है, जबकि एक अभी तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रही है।जवान दुनी चंद की छोटी बहन शिवानी ने बताया कि उनके भाई ने शादी की सभी जिम्मेदारियां पूरी करने के बाद एक मार्च को अरुणाचल प्रदेश लौटने की तैयारी कर ली थी।

लेकिन किसे पता था कि वह अब कभी ड्यूटी पर नहीं लौट पाएगा। उन्होंने भावुक होकर यह भी बताया कि वर्ष 2015 में उनके पिता सुखराम, जो भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे थे, ब्रेन हेमरेज के कारण अचानक दुनिया से चले गए थे।

जवान दुनी चंद का पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान परिजनों के साथ-साथ गांव के सैकड़ों लोगों ने उसे नम आंखों से विदाई दी। जवान के निधन से पूरा क्षेत्र गमगीन है और परिजनों को सांत्वना देने वालों का तांता लगा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *