राइट न्यूज हिमाचल
हिमाचल प्रदेश ने एक बीते दो दिनों में अपने दो वीर जवान खो दिए हैं। अभी कल ही देहरा का अग्निवार जवान अर्पित कोंडल पंचतत्व में विलीन हुआ था। अब आज सोलन जिले के एक वीर जवान की पार्थिव देह उसके पैतृक गांव पहुंची- जहां पर पूरे सैन्य सम्मान के साथ लाल को अंतिम विदाई दी गई।कंडाघाट उपमंडल की तुंदल पंचायत के रहने वाले 32 वर्षीय सैनिक नायक दिनेश डोगरा भारतीय सेना की 19 डोगरा रेजीमेंट में कार्यरत थे।
वर्तमान में दिनेश असम में अपनी सेवाएं दे रहे थे।परिजनों ने बताया कि दिनेश को पीलिया हो गया था- जो कि धीरे-धीरे लिवर संक्रमण में बदल गया। दिनेश पिछले दो महीने से लिवर इन्फेक्शन की गंभीर समस्या से जूझ रहे थे और उनका उपचार चल रहा था। दिनेश की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने दिनेश को दिल्ली के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया हुआ था।
जहां पर उपचार के दौरान बीते कल दिनेश ने अंतिम सांस ली। दिनेश के देहांत के बाद पूरे परिवार और गांव में मातम पसरा हुआ है।दिनेश की पार्थिव देह आज सुबह उनके पैतृक गांव पहुंची- जिसके बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। दिनेश को तिरंगे में लिपटा देखकर बूढ़ी मां और पत्नी बेसुध हो गई। जबकि, पिता का रो-रो कर बुरा हाल था।दिनेश अपने पीछे भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।
दिनेश के परिवार में उनके बूढ़े माता-पिता, बड़ा भाई, पत्नी और एक अढ़ाई साल का बेटा भी है। दिनेश के परिवार और ग्रामीणो ने वीर जवान अमर रहे के नारों के साथ दिनेश को अंतिम विदाई थी। गांव के श्मशानघाट में दिनेश का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। दिनेश की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल हुए।