धूमल ने कांग्रेस पर बोला हमला, हमीरपुर मे मैं संभालूंगा मोर्चा:हमीरपुर

धूमल ने कांग्रेस पर बोला हमला, हमीरपुर मे मैं संभालूंगा मोर्चा:हमीरपुर

राईट न्यूज / हमीरपुर

लोकसभा चुनाव की तैयारी शुरू हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि हमीरपुर मेरा जिला है, यहां मैं ही मोर्चा संभालूंगा। भाजपा के लिए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र लंबे समय से गढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस ने 2022 के विस चुनाव में जिले में भाजपा को शून्य पर लाकर बड़ा झटका दिया है। संसदीय क्षेत्र हमीरपुर से सीएम सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री के बढ़े सियासी कद ने भाजपा की चिंताओं को जरूर बढ़ाया है, लेकिन पूर्व सीएम धूमल की सक्रियता ने भी अब कांग्रेस को मंथन के संकेत दे दिए हैं। धूमल मुख्य वक्ता के रूप में सोमवार को गांधी चौक में जिला भाजपा की आक्रोश रैली में शामिल हुए।

2017 से ही वह भाजपा और केंद्र सरकार के कार्यक्रमों में लगातार शामिल हो रहे थे, लेकिन कांग्रेस सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में पहली दफा शामिल हुए और वह भी तब जब, उनकी तबीयत खराब थी। उनकी इस सक्रियता को लोस चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है। इस दौरान मंच से उन्होंने कांग्रेस पर खूब निशाना भी साधा। प्रदर्शन के बाद सीएम सुक्खू के गृह जिला में मोर्चा संभालने के सवाल पर पूर्व सीएम धूमल तपाक से बोले-यह मेरा भी तो जिला है, यहां का मोर्चा तो मैं संभालूंगा। धूमल बोले आज जरा बीपी लो था, तब थोड़ी दिक्कत आई। धूमल ने यह बयान देकर स्पष्ट कर दिया है कि लोस चुनावों में कम से कम हमीरपुर संसदीय सीट पर वह कोई कसर छोड़ने वाले नहीं।
आपदा प्रभावित टेंट में रहने को मजबूर, ये जश्न का समय नहीं : धूमल
गांधी चौक पर भाजपा ने प्रदेश कांग्रेस सरकार के खिलाफ आक्रोश दिवस के तहत प्रदर्शन किया। पूर्व मुख्यमंत्री धूमल ने कहा कि एक साल पहले झूठ के बल पर कांग्रेस सत्ता में आई। जनता आक्रोश में है। आपदा में जिन लोगों के घर गिरे, वह टेंट में रहने को मजबूर हैं। यह जश्न का मौका नहीं है। प्रदेश कांग्रेस सरकार की हर गांरटी फेल हुई है। पिछली दफा महिला शक्ति 1500 रुपये के धोखे में आ गई। दावा किया कि लोस चुनाव में भाजपा जीत हासिल कर तीसरी दफा सरकार बनाएगी। काम करने वाले गांरटी नहीं देते। देश और विश्व मेें वर्तमान में मोदी का नाम ही गारंटी है। धूमल ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस को जनता ने नकार दिया है और हिमाचल की जनता भी जल्द नकार देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *