राईट न्यूज / हिमाचल
प्रदेश में कोरोना से पहली बार एक दिन में तीन लोगों की जान चली गई। शनिवार को कांगड़ा के अधेड़ व्यक्ति ने नालागढ़, बद्दी की बुजुर्ग महिला ने आईजीएमसी शिमला और मंडी जिले के बल्ह के बुजुर्ग की नेरचौक मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। लगातार चार दिन में 9 मौतों के साथ प्रदेश में कोरोना से 27 लोगों की जान चली गई। कांगड़ा के पालमपुर का 55 वर्षीय व्यक्ति बद्दी की पनेशिया कंपनी में कार्यरत था। 19 अगस्त को उनके सीने में दर्द उठा। उन्हें उपचार के लिए नालागढ़ के निजी अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उन्हें नालागढ़ अस्पताल रेफर किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी। मौत के बाद उनका कोरोना टेस्ट जांच के लिए भेजा गया, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव निकली। दूसरी ओर बद्दी के भुड्ड गांव की 75 वर्षीय महिला दो दिन पहले पॉजिटिव निकली थी।
तबीयत खराब होने पर उन्हें काठा से बीती रात आईजीएमसी शिमला लाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। महिला का शिमला के कनलोग श्मशानघाट में अंतिम संस्कार किया गया। महिला का संक्रमित पति भी काठा अस्पताल में भर्ती है। उधर, नेरचौक मेडिकल कॉलेज में उपचाराधीन दमे से ग्रसित बल्ह के 80 वर्षीय संक्रमित बुजुर्ग की शनिवार को मौत हो गई। उन्हें मंडी अस्पताल से रेफर किया गया था। शनिवार को शनिवार को 114 कोरोना पॉजिटिव मामले आए हैं। सोलन जिले में एक साथ 50 नए मरीज आए हैं। बिलासपुर में 39, किन्नौर में चार, कुल्लू आठ, मंडी पांच, लाहौल-स्पीति और चंबा एक-एक, शिमला चार और कांगड़ा में दो नए पॉजिटिव मामले आए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में संक्रमितों का कुल आंकड़ा 4839 पहुंच गया है। 1484 सक्रिय मामले हैं। अब तक 3280 मरीज ठीक हो चुके हैं। शनिवार को 46 और मरीज ठीक हो गए। 47 मरीज प्रदेश के बाहर चले गए हैं। बिलासपुर जिले में एक छह साल के बच्चे सहित 39 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं।