Himachal: संरक्षित वन्य जीव हिमालयन घोरल का किया शिकार, 12 बोर की बंदूक के साथ 2 लाेग गिरफ्तार

Himachal: संरक्षित वन्य जीव हिमालयन घोरल का किया शिकार, 12 बोर की बंदूक के साथ 2 लाेग गिरफ्तार

राइट न्यूज हिमाचल

चम्बा जिला के तहत वन विभाग की टीम ने वन परिक्षेत्र अप्पर रेंज धरेड़ी के गुराड़ गांव में हिमालयन घोरल का शिकार करते हुए 2 लोगों को रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपियों से मृत हिमालयन घोरल के साथ 12 बोर की बंदूक भी बरामद की गई है। वन विभाग की टीम ने मौके से सैंपल एकत्रित कर फोरैंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं। आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।वन विभाग की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि गुराड़ में शिकारियों ने हिमालयन घोरल को गोली से निशाना बनाया है। इस सूचना पर वनरक्षक विनोद और नवीन को मौके पर भेजा गया।

जहां वनरक्षकों ने 2 लोगों को मृत हिमालयन घोरल व बंदूक सहित पाया। इस पर वन विभाग की टीम ने मृत हिमालयन घोरल और शिकार में प्रयुक्त बंदूक को कब्जे में लेने के साथ ही आरोपियों को पकड़ लिया।वन विभाग की टीम ने आरोपियों का मेडिकल काॅलेज चम्बा में मेडिकल करवाने के बाद कागजी औपचारिकताएं निपटाईं।

डीएफओ वन मंडल चम्बा कृतज्ञ कुमार ने बताया कि हिमालयन घोरल वन्य प्राणी संरक्षित अधिनियम 1976 में शैड्यूल वन में शामिल है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विभागीय व कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *