राईट न्यूज / शिमला
चुनावी चौखट पर खड़ी भाजपा में टिकट दावेदारों का खाका पूरी तरह तैयार हो चुका है। पार्टी द्वारा करवाये गए सर्वे के पैमाने पर फिट बैठने वाले प्रत्याशी को ही इस बार टिकट दिया जाएगा।
जबकि इस पैमाने पर खरे न उतरने वाले विधायक व मंत्री तक के भी टिकट कटना लाजमी है। जिसको देखते हुए पावंटा विधानसभा क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने भी रूठों को मनाने के प्रयास तेज किये है।
भाजपा पार्टी से टिकट की मजबूत दावेदारी करने वाले तीन भाजपा नेता मनीष तोमर, मदन मोहन शर्मा व रोशन चौधरी को अपने समर्थन में लाये जाने के प्रबल प्रयास किये गए है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष की मध्यस्थता से यह समझौता बैठक शिमला में आयोजित की गई है।
पुख्ता सूत्रों से प्राप्त जानकारी अनुसार शाम 5 बजे शुरू हुई बैठक लगभग डेढ़ घंटा तक चली। जिसमें पावंटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, मदन मोहन शर्मा, मनीष तोमर, रोशन चौधरी (शास्त्री) के अलावा संजय कौशल व सुधीर गुप्ता भी प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप के समक्ष बैठक में शामिल रहे।
बताया जा रहा है कि इस दौरान उक्त तीनों टिकट दावेदारों ने ऊर्जा मंत्री के खिलाफ खुलकर आग ऊगली है। जिसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने इन सभी को पार्टी के अंदर रहकर ही कार्य करने की हिदायत दी है। प्रदेशाध्यक्ष ने सभी को सचेत किया है कि टिकट आवेदन सर्वे के आधार पर दिया जाएगा, इसलिए पार्टी द्वारा तय नियमों के साथ चलना होगा।
उन्होंने पार्टी द्वारा सर्वे कराए जाने की बात की है, जिसमें प्रबल दावेदार को पैनल में सबसे आगे रखकर नाम भेजा जाएगा। हालांकि पैनल में यह जरूरी नहीं है कि सभी के नाम भेजें जायगें, लेकिन सशक्त प्रत्याशी का नाम शामिल रहेगा।
इस दौरान इस बात पर भी समझौता हुआ है कि पावंटा भाजपा मंडल द्वारा निष्कासित मनीष तोमर को पार्टी में वापस लिया जाएगा। इसकी शीघ्र ही मंडल या ऊर्जा मंत्री द्वारा घोषणा की जा सकती हैं।
बैठक में उक्त तीनों ने यह भी हिदायत दी है कि पौण्टा साहिब विधानसभा क्षेत्र से यदि गलत आदमी को टिकट दिया जाता है, तो वह जनहित भावनाओं को देखते हुए जनता की मांग पर चुनावी मैदान में डटे रहेंगे।
बताया जा रहा है कि इस तरह की सभी विवादित सीटों का एक खाका तैयार कर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के समक्ष रखा जाना है। पीएम मोदी की मंडी रैली से पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा हिमाचल आएंगे। जेपी नड्डा का हिमाचल प्रदेश का चार दिवसीय दौरा तय हो गया है।
जेपी नड्डा 18 सितंबर को हिमाचल पहुंचेंगे।पहले दिन यानी 18 सितंबर को सोलन, 19 को बिलासपुर, 20 को मंडी और 21 को कांगड़ा के दौरे पर रहेंगे। जेपी नड्डा अपने दौरे के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों से चुनाव पर चर्चा करेंगे।
इस दौरान प्रत्याशियों के चयन को लेकर बैठकें होंगी व रणनीति बनेगी। इस दौरान फिर से पावंटा विधानसभा क्षेत्र से टिकट दावेदारों को लेकर मंथन हो सकता है।
हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि सभी दावेदारों को पार्टी के अंदर रहकर कार्य करने को कहा गया है। पार्टी के सर्वे में जो प्रत्याशी काबिल होगा टिकट उसे मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि पीएम की हिमाचल रैली से पहले जेपी नड्डा हिमाचल आएंगे। पीएम मोदी की रैली की तैयारियां जोरों पर हैं। पीएम मोदी मंडी के पड्डल मैदान में रैली करेंगे।
उन्होंने कहा कि हर वर्ग के लोगों को दृष्टिपत्र की उप समितियों में शामिल किया गया है, आम जनता का विजन डाक्यूमेंट तैयार होगा। सुझावों के लिए वैन हर विधानसभा क्षेत्र में जाएगी। 20 सितंबर को पहला ड्राफ्ट तैयार किया जाएगा।

