राइट न्यूज हिमाचल
पंजाब से कुल्लू की ओर जा रहे एक ट्रक में पुलिस ने शराब की 380 पेटियां पकड़ी हैं। ट्रक में शराब काे ऐसे तरीके से छिपा गया था, जिसे देख पुलिस भी हैरान रह गई। इसका पर्दाफाश पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने किया है। जानकारी के अनुसार पुलिस की स्पैशल डिटैक्शन टीम ने कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर गरामोड़ा में नाका लगाया था।
इस दौरान कीरतपुर की तरफ से एक ट्रक (एचपी 34एफ-5687) आया। पुलिस ने संबंधित ट्रक को निरीक्षण के लिए रोका ताे चालक घबरा गया। टीम ने तुरंत ट्रक की तलाशी ली। इस दाैरान आलू की ट्रक में ऊपर से आलू की बोरियां हटाईं गईं तो उनके नीचे 380 पेटियां शराब मिली, जिनमें 4560 शराब की बोतलें थीं।बताया जा रहा है कि शराब को छिपाने के लिए ट्रक में ऊपर से 90 बोरियों में आलू लादे गए थे।
आरोपी ट्रक चालक की पहचान पवन कुमार निवासी गांव मोहल तहसील भुंतर जिला कुल्लू के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि शराब की ये खेप पंजाब से कुल्लू में सप्लाई की जानी थी, लेकिन चालक के पास इस भारी मात्रा में शराब के कोई भी वैध दस्तावेज नहीं थे। स्पैशल डिटैक्शन टीम ने आरोपी चालक को शराब सहित आलू की बोरियों को जब्त कर आगामी कार्रवाई के लिए थाना स्वारघाट पुलिस के हवाले कर दिया है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस शराब की सप्लाई कुल्लू में कहां और किसके पास जानी थी। मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नशा सौदागरों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

