राइट न्यूज हिमाचल
कांगड़ा जिला पुलिस काे नशा मुक्त अभियान के तहत एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पालमपुर में एक युवक को 6.97 ग्राम चिट्टे (हैरोइन) के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था और नशे के अवैध कारोबार में सक्रिय पाया गया था।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान विशाल कुमार (31) पुत्र स्वर्गीय प्रीतम चंद, निवासी बैजनाथ के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि उक्त आरोपी नशे की खेप लेकर पालमपुर क्षेत्र में आ रहा है।
इस सूचना पर पुलिस की विशेष टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक निजी हाेटल के समीप जाल बिछाया। जैसे ही विशाल कुमार वहां पहुंचा, टीम ने उसे रोककर नियमानुसार तलाशी ली। तलाशी के दाैरान उसके कब्जे से 6.97 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।सबूतों के आधार पर पुलिस ने विशाल कुमार को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पुलिस थाना पालमपुर में मादक पदार्थ अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस मामले में आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाया था और इसकी सप्लाई आगे किसे की जानी थी।
इस मामले पर कांगड़ा जिला पुलिस प्रमुख (एसपी) अशोक रत्न ने कहा कि जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशे और अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। हमारी टीमें लगातार ऐसे असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही हैं। उन्होंने आम जनता से भी अपील करते हुए कहा कि वे नशे के सौदागरों की सूचना बिना किसी डर के पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी।

