राईट न्यूज / हिमाचल
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने केजरीवाल और दिल्ली के शिक्षा मंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधते हुए कहा कि केजरीवाल के संरक्षण में ही दिल्ली से लेकर पंजाब तक अलग-अलग विभागों में लूट हुई है। आम आदमी पार्टी की सरकार में मंत्रियों को लूट की खुली छूट दे रखी थी। मैं तो पहले ही कहता था कि मनीष सिसोदिया मुख्य आरोपी हो सकते हैं। अनुराग बोले कि केजरीवाल कहते थे कि दो दिन के लिए दिल्ली की पुलिस दे दो, सारी व्यवस्था सुधार देंगे। पंजाब की जनता ने आप को मौका दिया। आखिर वहां की कानून व्यवस्था क्यों चरमरा गई। जब पंजाब में कानून व्यवस्था के खिलाफ जाकर गतिविधियां चल रही थीं, तो दिल्ली और पंजाब के मुख्यमंत्री मुंबई में क्या कर रहे थे। सवाल उठता है कि इसके पीछे आखिर शह किसकी है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आज शराब घोटाला करने वाला मंत्री जेल गया है।
सीबीआई ने पूरी जांच करने के बाद उनकी गिरफ्तारी की है। अब उन्हें जांच में सहयोग करना चाहिए। शराब घोटाले के बाद जब शिक्षा घोटाले की बात सामने आएगी, तो उस पर शिक्षा मंत्री से बात करेंगे। केंद्रीय विश्वविद्यालय के परिसर निर्माण के लिए जदरांगल की साइट खारिज होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। विश्वविद्यालय के लिए केंद्र से हर जरूरी मदद मुहैया करवाई जाएगी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जी-20 की अहम बैठक का आयोजन धर्मशाला में होना बेहद गौरव की बात है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से जी-20 की अध्यक्षता भारत को मिली है। बैठकों के आयोजन के दौरान कला, साहित्य और संस्कृति के साथ आर्थिक क्षेत्र में भारत की बढ़ती ताकत दुनिया को दिखाने का अवसर मिलेगा।