सिरमौर के सतौन से आज गृह मंत्री अमित शाह चुनाव का शंखनाद करेंगे

सिरमौर के सतौन से आज गृह मंत्री अमित शाह चुनाव का शंखनाद करेंगे

राईट न्यूज / पांवटा साहिब

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शनिवार को सिरमौर जिले से विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेंगे। जिला सिरमौर के हाटी समुदाय को एसटी का दर्जा मिलने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री के लिए आभार रैली करवाई जा रही है। इसमें हाटी समुदाय केंद्रीय गृह मंत्री का आभार जताएगा। हाटी समिति अमित शाह को पारंपरिक शॉल, टोपी और डांगरा भेंट कर सम्मानित करेगी। शाह करीब चार घंटे तक रुकेंगे। इसके बाद प्रदेश कोर कमेटी की बैठक लेंगे। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री का दौरा आचार संहिता के फेर में फंस गया है। दौरे से एक दिन पहले आचार संहिता लगने से अब सरकारी स्तर पर रैली के आयोजन की व्यवस्था नहीं होगी। पार्टी को अपने स्तर पर सारे इंतजाम करने होंगे। अमित शाह शनिवार सुबह 10:30 बजे दिल्ली से हेलिकाप्टर से सतौन के लिए रवाना होंगे। 11:30 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैदान में उतरेंगे। यहां से दो किलोमीटर दूर जनसभा स्थल तक गाड़ी में जाएंगे।


यहां केंद्रीय हाटी समिति और भाजपा कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। रैली को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी संबोधित करेंगे। इसके बाद गृहमंत्री का संबोधन होगा। दोपहर करीब 1:30 बजे अमित शाह सतौन पंचायत के पूर्व प्रधान रजनीश चौहान के घर पर आठ लोगों के साथ भोजन करेंगे। इसके बाद एक घंटे तक प्रदेश कोर कमेटी की बैठक पूर्व प्रधान के घर पर ही होगी। इसको लेकर इंतजाम कर लिए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां भी जायजा ले चुकी हैं। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के अतिरिक्त चार से पांच और सदस्य शामिल हो सकते हैं। करीब 3:30 बजे केंद्रीय मंत्री दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगे। उधर, केंद्रीय गृह मंत्री के दौरे को लेकर शुक्रवार को एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियों का जायजा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *