राईट न्यूज / पांवटा साहिब
जिला सिरमौर के पांवटा साहिब स्थित नारीवाला की एक निजी कंपनी में कार्यरत दो प्रवासी मजदूरों की काम से लौटते वक्त एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है की एक टिप्पर से मजदूरों को टक्कर लगी।
पुलिस द्वारा मिली जानकारी के मुताबिक दोनों निजी कंपनी में काम कर शाम को घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में अचानक तेज रफ्तार टिप्पर ट्रक की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में दोनों घायलो को उपचार के लिए सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया, जहां पर तैनात डाक्टर अंकुर धीमान द्वारा प्राथमिक उपचार दिया जा रहा था लेकिन चोट ज्यादा होने के कारण उपचार के दौरान ही दोनो की मृत्यु हो गई। हादसे में घायल दोनो युवकों की पहचान विष्णु प्रताप सिंह एवं रितेश के रूप में हुई है।
दोनों की उम्र 40 के लगभग बताई जा रही है। वे उत्तर प्रदेश गाजीपुर के रहने वाले थे। उधर, मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र ठाकुर ने बताया कि दोनों की एक सडक़ हादसे में मौत हुई है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव गृह में रखा गया है।
जहां पर शवों को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हादसे के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।