राईट न्यूज / हिमाचल
आम आदमी पार्टी (आप) ने मंगलवार को हिमाचल विधानसभा चुनाव के लिए चार प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। भाजपा की धूमल सरकार में राजस्व मंत्री व पूर्व सांसद रहे डॉ. राजन सुशांत फतेहपुर, हिमाचल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहे मनीष ठाकुर पावंटा साहिब विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, पूर्व में 2017 के विस चुनाव में भाजपा से टिकट की मांग करने वाले उमाकांत डोगरा नगरोटा बगवां और जिला परिषद सदस्य रहे सुदर्शन जस्पा को लाहौल-स्पीति से आप ने प्रत्याशी बनाया है। हिमाचल में प्रत्याशी घोषित करने वाली आप पहली पार्टी बन गई है। चार बार भाजपा से विधायक रहे डॉ. सुशांत वर्ष 1982 में सबसे कम उम्र के विधायक बने थे। 2009 में कांगड़ा-चंबा लोकसभा सीट से सांसद चुने गए। भाजपा छोड़कर अक्तूबर, 2020 में उन्होंने हमारी पार्टी, हिमाचल क्षेत्रीय पार्टी बनाई।
सुशांत जेपी आंदोलन का हिस्सा भी रहे और आठ महीने जेल में रहे। हाल ही में इन्होंने आप का दामन थामा है। वहीं, मनीष ठाकुर हिमाचल प्रदेश युकां अध्यक्ष और युकां के राष्ट्रीय महासचिव रहे हैं। वह मार्च 2022 में आप में शामिल हुए थे। अभी वह आप के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। सुदर्शन जस्पा भी हाल ही में आप में शामिल हुए हैं। वह वर्तमान में आप के लाहौल-स्पीति जिला प्रभारी हैं। उन्होंने 2017 में बतौर आजाद उम्मीदवार विधानसभा चुनाव लड़ा था। वर्तमान में वह लाहौल पोटेटो सोसायटी (एलपीएस) के अध्यक्ष हैं। उमाकांत डोगरा 2012 में भाजपा के साथ थे। 2017 में भाजपा से टिकट के लिए आवेदन किया था, लेकिन टिकट अरुण को दिया गया। वर्ष 2018 में उन्होंने आप का दामन थामा था। अभी वह आप ओबीसी प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष हैं।

