शिमला के बागवान से ओरंगाबाद के एक आढ़ती ने की लाखों की ठगी

शिमला के बागवान से ओरंगाबाद के एक आढ़ती ने की लाखों की ठगी

राइट न्यूज हिमाचल

जिला शिमला में चौपाल के नेरवा के एक बागवान विपिन चौहान से ओरंगाबाद के एक आढ़ती ने ठगी की है। मंगलवार को शिमला में पत्रकार वार्ता में विपिन चौहान ने कहा कि ओरंगाबाद महाराष्ट्र के एक आढ़ती ने उनसे एक ट्रक सेब की मांग की थी। उसके साथ वॉटसएप्प पर ही इसको लेकर चर्चा हुई, जिसमें अच्छे सेब के रेट 3 हजार से 3200 तथा छोटे सेब का रेट 1800 से 200 रुपए प्रति पेटी तय हुआ था।

इसके बाद उन्होंने 475 पेटियों का एक ट्रक ओरंगाबाद भेजा। वहां पर ट्रक गत 5 अगस्त को पहुंचा तथा आढ़ती ने उसे 6 अगस्त को बेचा। इसके बाद आढ़ती ने उनके खाते में 3 लाख रुपए जमा किए तथा शेष राशि नहीं दी।बाद में उसने बातचीत करना भी बंद कर दिया। इसके बाद उन्हें पता चला कि इस आढ़ती ने अन्य लोगों के साथ भी ठगी की है। इसमें आनी के एक बागवान के साथ वर्ष 2023 में 10 लाख की तथा चौपाल के एक अन्य बागवान के साथ 3.65 लाख की ठगी की है।

चौहान ने बताया कि उन्होंने इस आढ़ती के खिलाफ ओरंगाबाद थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है तथा वहां की एपीएमसी से भी शिकायत की है। वहां की एपीएमसी ने उसकी दुकान को बंद कर दिया है तथा पुलिस उसे तलाश रही है, लेकिन वह फरार है। उन्होंने बागवानों से इस आढ़ती के खिलाफ मिलकर लड़ने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई बागवान इस आढ़ती की ठगी का शिकार है तो वह उनसे संपर्क करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *