केंद्र से मदद मांगने के लिए सीएम सुखविंदर सिंह दिल्ली रवाना

केंद्र से मदद मांगने के लिए सीएम सुखविंदर सिंह दिल्ली रवाना

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह अपने सिरमौर दौरे के बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को निजी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे तथा 21 अगस्त को उनकी प्रदेश वापसी हो सकती है। अपने दिल्ली दौरे के दौरान वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात कर सकते हैं। इस दौरान वह आपदा की घड़ी में प्रदेश को उदार वित्तीय मदद की गुहार लगाएंगे ताकि राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाई जा सके। प्रदेश सरकार को उम्मीद है कि केंद्रीय टीम की रिपोर्ट के बाद केंद्र सरकार से प्रदेश को अंतरिम राहत की किस्त जारी हो सकती है। वह कांग्रेस के केंद्रीय नेताओं से सत्ता-संगठन से जुड़े विषयों को लेकर चर्चा कर सकते हैं। इस दौरान वह केंद्रीय नेताओं को प्रदेश में बरसात के कारण आई आपदा से उपजे हालात से अवगत करवाएंगे तथा सरकार की तरफ से चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *