राइट न्यूज हिमाचल
चंडीगढ़ में पढ़ाई कर रहे हिमाचल के एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक का शव यूनिवर्सिटी के हॉस्टल के कमरे में से मिला है। युवक की मौत कैसे हुई इसका अभी तक खुलासा नहीं हुआ है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया है और आगामी जांच शुरू कर दी है।यह युवक हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला का रहने वाला था। युवक चंडीगढ़ में पंजाब यूनिवर्सिटी के हॉस्टल नंबर 7 में एक कमरे में रहता था।
जहां आज उसका शव बरामद हुआ। मृतक युवक की पहचान विकास निवासी कुल्लू हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विकास सोमवार को ही अपने दोस्त से मिलने पंजाब यूनिवर्सिटी आया था।हॉस्टल प्रबंधन को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत ही चंडीगढ़ पुलिस को सूचित किया।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने विकास को बेसुध हालत में पाया। जिसके चलते पुलिस ने उसे तुरंत ही सेक्टर 16 स्थित अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विकास के परिजनों को भी सूचित कर दिया है।बताया जा रहा है कि जिस कमरे में युवक का शव मिला है, वहां पर दो अन्य युवक भी रहते थे।
पुलिस इन युवकों से पूछताछ कर रही है। इसके अलावा पुलिस वार्डन और आसपास के छात्रों से भी बातकर रही है और युवक की मौत की इस पहेली को सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।बताया जा रहा है कि पुलिस की टीम कमरे में लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि रात के समय युवक के साथ कौन-कौन था और क्या इस दौरान किसी प्रकार का विवाद या झगड़ा हुआ था।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिय है। युवक की मौत से उसके परिवार को गहरा सदमा लगा है। परिवार को यकीन ही नहीं हो रहा है कि उनका जवान बेटा अब इस दुनिया में नहीं है। मृतक युवक के परिजनों ने इस मामले की तह तक जाकर जांच करने की मांग की है।


