राइट न्यूज हिमाचल

हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना से पिछले कल एक कैदी पुलिस की चंगुल से फरार हो गया था। बता दें कि चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल से पेशी के लिए एक विचाराधीन कैदी को यहां लाया गया था। वहीं, पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए कैदी को 8 घंटों के अंदर पकड़ लिया है।पेशी के बाद हुआ फरारबताया जा रहा है कि कर्ण नामक कैदी को पुलिस अदालत में पेशी के बाद चंडीगढ़ पुलिस वापस ले जा रही थी। पुलिस का कहना है कि कैदी ने कोर्ट परिसर के बाहर पुलिस को चकमा देते हुए बाइक पर सवार होकर फरार हो गया।
पुलिस ने की तुरंत नाकाबंदीउधर, घटना के बाद पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। ऊना जिले की सीमाओं पर नाकाबंदी की गई और सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई। पुलिस ने चार टीमें गठित कर आसपास के क्षेत्रों में कैदी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर यह खुलासा हुआ कि कैदी कर्ण ने पुलिस को चकमा देकर बाइक पर सवार होते हुए फरारी की योजना बनाई थी।आरोपी पर हत्या का आरोपबता दें कि कैदी कर्ण पंजाब के अमृतसर का निवासी है और हत्या के मामले में चंडीगढ़ की बुड़ैल जेल में बंद था। उसके खिलाफ ऊना में 2020 में चिट्टे के साथ पकड़े जाने का मामला भी दर्ज था। इस मामले की पेशी के लिए उसे ऊना अदालत में लाया गया था।
आठ घंटे में गिरफ्तारीपुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद आठ घंटे के भीतर कर्ण को चताड़ा गांव के जंगल में स्थित एक श्मशान घाट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कैदी को ऊना थाना लाया गया। पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह ने इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि अब से ऊना में कैदियों की पेशी के दौरान कड़ी निगरानी रखी जाएगी और न्यायालय परिसर तथा अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
बाइक चालक की तलाश जारीहालांकि कर्ण को गिरफ्तार कर लिया गया, लेकिन फरारी में उसकी मदद करने वाले बाइक चालक की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे यह और अधिक चुनौतीपूर्ण बन गया है। पुलिस प्रशासन ने इस घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करने के आदेश दिए हैं। एसपी राकेश सिंह के निर्देशन में ऊना में अब से कैदियों की पेशी के दौरान विशेष सुरक्षा उपायों की योजना बनाई जा रही है।

