राइट न्यूज हिमाचल
चम्बा जिले की द्रड्डा पंचायत में एक नाबालिग लड़की ने फंदा लगाकर जान दे दी। लड़की द्वारा ऐसा कदम उठाने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट रोजनामचे में डालकर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार द्रड्डा पंचायत के परिहार गांव की 17 वर्षीय लड़की अपने घर पर अकेली थी।
इस दौरान उसने कमरे में पंखे की कुंडी के साथ दुपट्टे से फंदा लगा लिया। उसकी माता ड्यूटी से जब घर लौटी ताे बेटी को फंदे पर लटका देख उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। मां के चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा नाबालिग लड़की को फंदे से उतार कर सीएचसी बाथरी पहुंचाया।सीएचसी बाथरी में चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया तथा इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तथा परिजनों के बयान दर्ज किए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। एसपी अभिषेक यादव ने मामले की पुष्टि की है।


