मां चिंतपूर्णी के दर्शन कर घर लौट रहे बाइक सवार 2 युवकों को ट्रक ने रौंदा, एक की मौत

राइट न्यूज हिमाचल

मुबारिकपुर-चिंतपूर्णी रोड पर अलोह में हुई सड़क दुर्घटना में होशियारपुर (पंजाब) के एक श्रद्धालु युवक की मौत हो गई और एक गंभीर रूप से घायल हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शनिवार रात्रि करीब डेढ़ बजे अलोह में एक ट्रक चालक ने बाइक को चपेट में ले लिया। ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक मुनीष कुमार (18) पुत्र अश्विनी कुमार निवासी मोहल्ला योगीपुरा, नजदीक सैसर चौक, होशियारपुर (पंजाब) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल हुए दूसरे बाइक सवार हरनूर सिंह (17) पुत्र नरेश कुमार निवासी ऋषि नगर, होशियारपुर (पंजाब) को सिविल अस्पताल अम्ब पहुंचाया गया जहां उसका उपचार चल रहा है।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक रात के समय माता श्री चिंतपूर्णी जी मंदिर में शीश नवाने के बाद बाइक पर घर की तरफ जा रहे थे। एसएचओ अम्ब गौरव भारद्वाज का कहना है कि पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार हुए ट्रक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने रविवार सुबह क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को वारिसों के सुपुर्द कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *