मलबे की चपेट में आने से मणिमहेश यात्रा से लौट रहे श्रद्धालु की मौतमलबे की चपेट में आने से मणिमहेश यात्रा से लौट रहे श्रद्धालु की मौत

राइट न्यूज हिमाचल

श्री मणिमहेश यात्रा पूरी करके वापिस घर जा रहे एक श्रद्धालु की मलबे की चपेट में आने से मौत हो गई है। श्रद्धालु की पहचान जसबीर सिंह पुत्र जीत सिंह निवासी नगर पंचायत दौलतपुर चौक जिला ऊना के रूप में हुई है। श्रद्धालुओं का एक दल मणिमहेश यात्रा पर निकला था।

यात्रा पूरी करने के बाद गाड़ी में सवार होकर वापस घर लौट रहे थे। वाहन में 7 लोग सवार थे। जब लाहडू-नूरपुर मार्ग पर केरू पहाड़ के पास पहुंचे तो अचानक ऊपर से मलबा व पत्थर गिरने शुरू हो गए। इस मलबे के बीच गाड़ी फंस गई।गाड़ी के कीचड़ में फंसने पर सभी युवक गाड़ी को धक्का दे रहे थे, इतने में फिर से भूस्खलन शुरू हो गया और पहाड़ी से भारी मलबा आया।

गाड़ी को धक्का दे रहे युवक गाड़ी छोड़ पीछे की ओर भागे, लेकिन जसबीर मलबे के साथ सड़क के नीचे गहरी खाई में धंस गया। रात को अंधेरा होने के कारण जसबीर सिंह का कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह उसका शव खाई में बरामद किया गया। इस दुर्घटना का पता चलने पर चुवाड़ी से पुलिस का एक दल घटनास्थल पर पहुंचा और शव को कब्जे में लिया।

पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। प्रशासन की तरफ से नायब तहसीलदार चुवाड़ी संतविंदर सिंह ने मृृृतक के चाचा सुग्रीव सिंह को 25 हजार रुपए की सहायता राशि भी दी गई। मृतक अपने पीछे पत्नी व 2 बच्चों को छोड़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *