राईट न्यूज़ हिमाचल….
पर्यटन नगरी मनाली के साथ बाहनू में आज सुबह के समय एक बस सड़क से लुढ़ककर ब्यास नदी किनारे जा गिरी। वहीं इस सड़क दुर्घटना में बस में सवार 12 लोग घायल हुए हैं, जिनका मनाली अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।
वहीं सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही मनाली पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और उन्होंने दुर्घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा घायलों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार न्यू प्रेम ट्रांसपोर्ट की बस मनाली से कुल्लू की ओर आ रही थी। तभी बाहनू के पास अचानक बस अनियंत्रित हो गई और वह सड़क से नीचे लुढ़क कर ब्यास नदी के किनारे जा गिरी। सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और लोगों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकल गया। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां पर डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं।डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि सड़क दुर्घटना में 12 लोग घायल हुए हैं। दो लोग निजी अस्पताल में अपना इलाज कर अपने घर चले गए हैं, जबकि 10 लोगों का मनाली के सिविल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस द्वारा मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की भी छानबीन की जा रही है।
