भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने किया प्रभावित क्षेत्र का दौरा

राइट न्यूज हिमाचल

सिरमौर जिला में सिमटते बारिश के मौसम के बीच बुधवार रात्रि को हुई भीषण मूसलाधार बारिश से जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन के साथ-साथ मैदानी क्षेत्र पांवटा साहिब, माजरा, धौलाकुआं, पुरुवाला, पड़दूनी, अंबोया आदि क्षेत्रों में भारी तबाही हुई है। हालत यह है कि मैदानी क्षेत्र जहां घंटों जलमग्र रहा।

जिला के सभी नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। भारी बारिश के चलते जिला मुख्यालय नाहन करीब आठ घंटे बिजली कट से प्रभावित रहा। उधर भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने भी पांवटा ब्लॉक के कांडो कांसर के जंगल में नुकसान व प्रभावित लोगों के घरों का जायजा लिया। डा. राजीव बिंदल ने कहा कि पड़दूनी गांव के आसपास चार बरसाती नालों में भारी जलभराव की वजह से पानी आसपास के गांव के घरों में घुस गया।

क्षेत्र में करीब 500 एकड़ में खड़ी धान की फसल तबाह हो गई है तथा लोगों के घरों में काफी नुकसान हुआ है।डा. राजीव बिंदल ने बताया कि पंचभैया खाला में पेड़ों व पत्थरों के साथ पहुंचा मलबा खैरी गांव की एक हजार बीघा खड़ी धान की फसल को बर्बाद कर बाता नदी में पहुंचा। इसके अलावा सुकी के खाले का पानी माजरा कस्बे में प्रवेश कर गया।

बारिश के साथ बहकर आए दलदल ने माजरा, धौलाकुआं, पड़दूनी, पुरुवाला आदि क्षेत्रों में भारी तबाही मचाई है। डा. राजीव बिंदल ने बुधवार रात्रि को सिरमौर जिला के नाहन व पांवटा क्षेत्र में हुए नुकसान को लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक पत्र लिखा है जिसमें सरकार की ओर से उचित कदम उठाए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *