राइट न्यूज हिमाचल
पांवटा साहिब में दशहरा पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। शनिवार शाम के वक्त स्थानीय रामलीला मैदान से मुख्य बाजार होते हुए नगर परिषद मैदान तक भगवान राम की भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। उसके बाद विजय दशमी के अवसर पर भगवान श्री राम ने रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन कर असत्य पर सत्य की जीत का प चम लहराया।
इस दौरान भव्य आतिशबाजी भी की गई, जिसे देखने के लिए हजारों की तादात में आसपास के क्षेत्रों से लोग नगर परिषद मैदान में एकत्रित हुए थे। रावण दहन के बाद भगवान श्रीराम माता जानकी और लक्ष्मण जी का राज तिलक किया गया। इस अवसर पर स्थानीय विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने प्रभु श्री राम का राजतिलक किया।तत्त्पश्चात यहां पहुंचे समस्त क्षेत्रवासियों को प्रसाद वितरित किया गया।
इसी के साथ पिछले नौ दिनों से दून ड्रॉमेट्रिक क्लब पांवटा साहिब द्वारा चलाई जा रही रामलीला का विधिवत समापन हुआ।
इस दौरान पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने प्रदेश व क्षेत्रवासियों को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दशहरा सच की झूठ पर व अच्छाई की बुराई पर जीत का प्रतीक है। इस अवसर पर उनके साथ एसडीएम पांवटा गुंजित सिंह चीमा, अरविंद गुप्ता, राहुल चौधरी, अनिल सैणी, रोहित चौधरी, जगन्नाथ सेवा समिति के अध्यक्ष हरविंदर कुमार, शिवानी वर्मा, कृष्णा धीमान, नगर परिषद पांवटा साहिब की अध्यक्ष निर्मल कौर, लिपिक बारू राम आदि गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


