राइट न्यूज हिमाचल
संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर को लेकर संसद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए आपत्तिजनक बयान के विरोध में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मंगलवार को सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर रोष रैली निकाली। इस दौरान केंद्रीय गृहमंत्री के इस्तीफे व माफी मांगने की मांग उठाई गई।
जिला सिरमौर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आनंद परमार के नेतृत्त्व में जिला भर के कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस भवन नाहन में एकत्रित हुए, जिसमें जिला के विभिन्न मंडल कांग्रेस के अध्यक्ष व पदाधिकारी भी शामिल हुए। रोष रैली कांग्रेस भवन नाहन से चौगान मैदान व नया बाजार से होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक पहुंची।
इस दौरान अतिरिक्त उपायुक्त सिरमौर के माध्यम से देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू को ज्ञापन भेजकर मांग की गई कि संविधान निर्माता डा. भीमराव अंबेडकर को लेकर जो बयान केंद्रीय गृहमंत्री ने लोकसभा में दिया है वह आपत्तिजनक है। उससे देश भर के लोगों की संवेदनाएं आहत हुई हैं। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को संसद के भीतर जाने से रोकने का जो षड्यंत्र केंद्र सरकार द्वारा किया गया है वह भी लोकतंत्र में चुने हुए प्रतिनिधियों के अधिकारों का हनन है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर, जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव नरेंद्र तोमर, कांग्रेस के युवा नेता जयदीप शर्मा, कांग्रेस महासचिव कैप्टन सलीम अहमद, ज्ञान चंद, तपेंद्र सिंह, सीता राम, रणधीर पंवार, सोमचंद, अनिल शर्मा, विनिश राणा व अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।


